- 3 दिन में 36.1 अरब डॉलर डूबे टॉप टेन अमीरों की सूची से बाहर हुए गौतम अडानी


नई दिल्ली । हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी समूह को 65 अरब डॉलर की चपत लगी है। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में 36.1 अरब डॉलर (करीब 2945723900000 रुपए) की भारी गिरावट आई है। इसके साथ ही गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में 11वें नंबर पर खिसक गए हैं।
ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की पूंजी 84.4 अरब डॉलर रह गई है। हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने से पहले अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में तीसरे नंबर पर थे। हिंडनबर्ग रिसर्च ने पिछले हफ्ते बुधवार को एक रिपोर्ट में दावा किया था कि अडानी समूह दशकों से खुल्लम-खुल्ला शेयरों में गड़बड़ी और अकाउंट धोखाधड़ी में शामिल रहा है। हालांकि अडानी समूह ने इस रिपोर्ट को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा है कि यह एफपीओ से पहले उसे बदनाम करने की साजिश है।
अडानी समूह की अधिकांश कंपनियों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। ग्रुप की 10 कंपनियों में से सात गिरावट के साथ बंद हुईं। इनमें से पांच कंपनियों के शेयरों में लोअर सर्किट लगा। अडानी टोटल गैस और अडानी ग्रीन एनर्जी में 20 फीसदी की गिरावट आई। अडानी ट्रांसमिशन में 14.91 फीसदी अडानी विल्मर अडानी पावर और एनडीटीवी में 5 फीसदी गिरावट आई। अडानी पोर्ट्स का शेयर 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। 
दूसरी ओर ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में 4.21 फीसदी एसीसी में 1.10 फीसदी और अंबुजा सीमेंट्स में 1.65 फीसदी तेजी आई। इस तरह अडानी ग्रुप की मार्केट कैप तीन दिन में 65 अरब डॉलर यानी 29 फीसदी कम हो चुका है। 
पिछले हफ्ते बुधवार को अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी ने अडानी ग्रुप पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस दिन ग्रुप की कंपनियों में 10 फीसदी तक गिरावट आई थी। शुक्रवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों में 20 फीसदी तक गिरावट आई। सोमवार को अडानी की नेटवर्थ में 8.21 अरब डॉलर गिरावट आई। अडानी ने पिछले साल 44 अरब डॉलर की कमाई करके सबसे ज्यादा कमाई करने वाले शख्स बने थे लेकिन इस साल वह 36.1 अरब डॉलर गंवा चुके हैं और सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले अरबपति के रूप में सामने आए हैं।
इसके साथ ही अडानी की एशिया और भारत में नंबर वन रईस की कुर्सी भी खतरे में आ गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी कभी भी उनसे आगे निकल सकते हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी 82.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें और एशिया में दूसरे नंबर पर हैं। अडानी और अंबानी की नेटवर्थ में अब केवल 2.2 अरब डॉलर का अंतर रह गया है। अंबानी की नेटवर्थ में सोमवार को 80.9 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ में 4.96 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag