डबरा (बेजोड रत्न)। नगर परिषद कार्यालय में हितग्राही सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभांवित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शैलेन्द्र बरुआ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान प्रदेश में विकास और किसान,गरीब, बेटियों आदि सभी के लिये करिश्माई कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि परिवार में बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 1000 रूपए, वृद्धावस्था पेंशन के हितग्राहियों को भी प्रतिमाह बढ़ी हुई राशि के साथ किसान सम्मान निधि की बढ़ी हुई राशि मिलने से परिवार को मजबूत आर्थिक सहारा मिलेगा। मुख्यमंत्री का बहनों को लखपति बनाने का संकल्प है। उन्हें गरीब नहीं रहने दिया जाएगा। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आय में इतनी वृद्धि होगी कि वे प्रतिमाह 10 हजार या उससे अधिक आय अर्जित करने में सफल होंगी। शैलेन्द्र बरुआ ने बहनों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना उनकी जिंदगी बदलने का कार्य करेगी। इस योजना की धनराशि सभी बहनों के खाते में जमा होने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है जो आज या कल में पूर्ण हो जाएगी। साथ ही उक्त योजना की राशि बढ़ाकर 3000 की जाएगी।
वहीं उन्होंने बेटियों को बोझ न बनने देने और वरदान बनाने के संकल्प से अवगत करवाते हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और उसके पूर्व प्रारंभ की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या-विवाह योजना के उद्देश्य और क्रियान्वयन की सफलता की जानकारी दी। समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़ाने के लिए यह योजनाएँ कारगर बनी हैं।स्थानीय निकायों में बहनों और बेटियों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। इससे महिलाओं की नगरीय निकाय और पंचायतों में भागीदारी सुनिश्चित हुई। यदि बहनों को सही अर्थों में आगे बढ़ाना है तो उन्हें पंचायतों और नगरीय निकायों में स्थान मिलना आवश्यक है। आज बहनें सरकार चला रही हैं। मकान, दुकान और जमीन महिलाओं के नाम से खरीदे जाने पर रजिस्ट्री शुल्क में रियायत दी जा रही है। सिर्फ 1 प्रतिशत राशि पर रजिस्ट्री की जा रही है, यह उपाय सफल हुआ है। आर्थिक रूप से कमजोर बहनों को प्रतिमाह 1000 रूप्ए की राशि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में देने की व्यवस्था की गई है। घर और परिवार की छोटी-छोटी जरूरतें पहले पूरी नहीं होती थीं। अब महिलाएँ अपनी इच्छा से यह राशि खर्च कर सकेंगी।
वही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में धनराशि की व्यवस्था करते हुए 1000 रुपए से क्रमशरू बढ़ाते हुए 3000 रूपये तक प्रत्येक बहन को प्रदान किए जाएगे। महिलाओं की जिंदगी और तकदीर बदलना प्रमुख उद्देश्य है। बहनों और बेटियों के सपने पूरे होंगे, मुख्यमंत्री का बहनों की जिंदगी बदलना उद्देश्य है। लाड़ली बहना सेनाएँ अन्य बहनों को योजनाओं को लाभ दिलवाएंगी, हर ग्राम में संगठन बनेगा, बहनें आगे बढ़ेंगी, किसान भी आगे बढ़ेंगे। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर मोदी जी द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों पर भी अपने विचार सुनाएं और कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत एक समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बनकर उभरा है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा और नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में मोदी की सरकार को बने 9 वर्ष हो चुके हैं ऐसे में 9 वर्ष के कार्यकाल के दौरान धरातल पर बनाई गई योजनाओं का कितना लाभ लोगों को मिल रहा है या नहीं इसकी हकीकत जानने के लिए पूरे देश भर में यह हितग्राही मूलक अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित किया गया।
इस मौके पर नगर की सैकड़ों महिलाएं और गणमान्य जन सहित भाजपा कार्यकर्ता गण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा ग्वालियर ग्रामीण के जिला उपाध्यक्ष अमिताभ सिंह हरसी दीवान साहब, जिला पंचायत सदस्य केशव बघेल, सुरेश उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष नीतेश जैन, परशुराम पवैया, राधेश्याम जैन, अजीत प्रजापति, गजब सिंह रावत, धर्मेंद्र अग्रवाल सहित अनेक पार्षद गण और नगर परिषद सीएमओ यशवंत राठौर प्रमुख रूप से मौजूद थे।