-
उत्तर कोरिया ने कहा कि राष्ट्रपति येओल के दिमाग में कचरा भरा
सोल । दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया में फिर से तनाव भड़कता दिख रहा है। द.कोरिया 10 साल के बाद अपना पहला मिलिट्री परेड निकालने जा रहा है। मिलिट्री परेड के दौरान दक्षिण कोरिया के महाविनाशक हथियार राजधानी सोल की सड़कों पर दिखाई देने वाले हैं। दक्षिण कोरिया के इस शक्ति प्रदर्शन के दौरान 2 किमी लंबी सड़क पर परेड निकाली जाएगी। इस ऐलान के बीच उ.कोरिया द.कोरियाई राष्ट्रपति के खिलाफ आगबबूला हो गया है।
बताया जा रहा है कि दक्षिण कोरिया के इस परेड में 7 हजार सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा 340 घातक हथियारों का दक्षिण कोरिया प्रदर्शन करेगा। इसमें टैंक, तोपें, लड़ाकू विमान और ड्रोन शामिल हैं। इस बीच उत्तर कोरिया ने रूस के साथ सैन्य संबंध पर चेतावनी देने को लेकर दक्षिण कोरिया की निंदा की और देश के राष्ट्रपति यूं सुक येओल को एक ऐसा शख्स बताया जिसके दिमाग में कचरा भरा है। साथ ही उत्तर कोरिया ने उन्हें कूटनीति के मामले में मूर्ख भी कहा।
पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूं ने कहा था कि अगर उत्तर कोरिया और रूस हथियार समझौता करते हैं और उससे दक्षिण कोरिया को खतरा पैदा होता है। इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात और अहम सैन्य स्थलों की यात्रा के लिए उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की रूस यात्रा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जाहिर की गई थी। ऐसी आशंका थी कि यूक्रेन के साथ युद्ध के कारण खत्म हुई रूस की पारंपरिक हथियारों के भंडार को फिर से भरने के बदले में उत्तर कोरिया रूस पर परिष्कृत परमाणु और हथियार प्रौद्योगिकियों को प्राप्त करने के लिए दबाव डाल सकता है। उत्तर कोरिया के आधिकारिक मीडिया ने कहा, कठपुतली विश्वासघाती यूं सुक येओल ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में (उत्तर कोरिया) रूस के बीच संबंधों को बदनाम किया।
रूस के साथ संभावित हथियार समझौते के बारे चिंताओं के बारे में कोई बात किए बिना तानाशाह की मीडिया ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ करीबी संबंध बनाए रखना स्वाभाविक और वैध अधिकार है। उत्तर कोरिया की मीडिया ने कहा, यह अपने आप में एक साक्ष्य है कि ऐसा कचरा भरे दिमाग वाला व्यक्ति (उत्तर कोरिया)-रूस मैत्रीपूर्ण संबंधों के विकास के गहरे और विशाल अर्थ को नहीं समझ सकता है। दुनिया में कोई भी इस कठपुतली विश्वासघाती येओल की बातों पर ध्यान नहीं देगा, जो सिर्फ राजनीतिक में अपनी अपरिपक्वता, कूटनीतिक रूप से बेवकूफ और अक्षम मुख्य कार्यकारी के तौर पर बदनाम है।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!