कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में गेवरा-शक्तिनगर मार्ग में एक बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बोलेरो की ठोकर से ससुर दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां ससुर को मृत घोषित कर दिया गया। मामले में पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दीपका थानांतर्गत शक्तिनगर में रामखिलावन 60 वर्ष निवास करता था। वह अपने दामाद झुक्खीराम चुटैल 55 वर्ष के साथ शनिवार को कहीं निजी कार्य से गया था। ससुर दामाद अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। वे मुख्यमार्ग में गेवरा सब स्टेशन के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान एक बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार ससुर दामाद सड़क पर जा गिरे। घटना में दोनों को गंभीर चोटें आई। लोग मौके पर एकत्रित होते, इससे पहले चालक बोलेरो सहित फरार हो गया। राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से ससुर, दामाद को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत वृद्ध ससुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दामाद का इलाज जारी है। मामले में पुलिस दुर्घटनाकारित बोलेरो व चालक का सरगर्मी से तलाश कर रही है।