ऑस्ट्रेलिया की एक महिला सांसद को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने कहा है कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि ऐसा लगता है कि यह जानबूझकर किया गया काम है।
सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। एक कार ने सांसद हेलेन हेन्स को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने इस घटना पर एक अहम बयान देते हुए कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि ऐसा लगता है कि यह जानबूझकर किया गया काम है।
घटना की क्या जानकारी है?
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना विक्टोरिया राज्य के वांगराटा में हुई। 65 वर्षीय सांसद हेलेन हेन्स को उनके चुनावी क्षेत्र के कार्यालय के बाहर एक टोयोटा लैंड क्रूजर SUV ने टक्कर मार दी। पुलिस ने पुष्टि की है कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद वहां मौजूद एक व्यक्ति ने ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारियों को ड्राइवर की गाड़ी से एक चाकू भी मिला है। गंभीर रूप से घायल हेलेन हेन्स को अस्पताल ले जाया गया है। वे पहली बार 2019 में संसद के लिए चुनी गई थीं।
प्रधानमंत्री अल्बानीज़ ने क्या कहा?
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने कहा कि संभवतः ड्राइवर ने सांसद हेलेन हेन्स को जानबूझकर टक्कर मारी। अपने बयान में प्रधानमंत्री अल्बानीज़ ने कहा, "यह कोई दुर्घटना नहीं है। ऐसा लगता है कि यह जानबूझकर किया गया काम है।" "हमें नहीं पता कि ऐसा क्यों किया गया।" प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी टीम इस घटना की जांच कर रही है। गौरतलब है कि पिछले साल सिडनी के बॉन्डी बीच पर हनुक्का समारोह के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसमें करीब एक दर्जन लोगों की जान चली गई थी। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन उस हमले में बाल-बाल बच गए थे।
सांसदों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताएं
सांसद हेलेन हेन्स के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि वे अभी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह जानबूझकर किया गया काम था। इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऑस्ट्रेलिया में राजनेता आम जनता के लिए आसानी से उपलब्ध रहते हैं और अक्सर बिना किसी सुरक्षाकर्मी के अपने आधिकारिक कामों के लिए आते-जाते देखे जाते हैं।