नीतिश ने कांग्रेस से अपना स्टैण्ड साफ करने को कहा
पूर्णिया। पूर्णिया में महागठबंधन की महारैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने कोई काम नहीं किया। भाजपा की तरफ से कोई काम देशहित में नहीं हो रहा है। बिहार को जितना मदद का भरोसा दिया गया, वह आज तक नहीं मिला। आठ साल में मोदी सरकार की ओर से मात्र 59 लाख करोड़ की राशि मिली है।
नीतिश ने कहा कि पूर्णिया में एयरपोर्ट सबसे पहले बनना था, लेकिन नहीं बना। एयरपोर्ट के लिए जितनी जमीन मांगी गई, हमारी सरकार ने उतनी जमीन दे दी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्णिया में आकर कह दिया एयरपोर्ट चालू हो गया, लेकिन आज तक एयरपोर्ट चालू नहीं हो पाया। महारैली को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस अपना स्टैंड क्लियर करे। हम लोग एक साथ रहते हैं, तब भाजपा को 2024 के चुनाव में 100 सीट भी नहीं मिलेगी। वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे पिता लालू यादव ने सांप्रदायिक तत्वों के सामने कभी नहीं झुके, जब लालू यादव नहीं झुके, तब मैं भी उनका बेटा हूं। भाजपा में कोई लीडर नहीं रह गया है, सब डीलर बन गया है। भाजपा नफरत की राजनीति करना चाहती है। आज भाजपा के खिलाफ जो बोलता है, उसके यहां छापा पड़ता है। भाजपा के साथ जो रहता है, वह हरिश्चंद्र हो जाता है। तेजस्वी ने कहा कि जब-जब बिहार लड़ता है, तब-तब दिल्ली हिलता है। नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहते हैं कि आप डरे नहीं और आपने भाजपा से लड़ने का काम किया। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। बस 2024 में भाजपा को हटाने और बाबा साहब के संविधान को बचाना लक्ष्य है।डिप्टी सीएम ने कहा कि महाराष्ट्र में विधायक की खरीद फरोख्त किया गया, लेकिन बिहार में यह सफल नहीं होगा। 2024 की लड़ाई आरएसएस और भाजपावालों से हैं। इसी मैदान में मोदी ने साल 2014 में बिहार को विशेष राज्य दर्जा देने का वादा किया था। भाजपा का जुमला बिहार में नहीं चलने वाला है। इस बार के केंद्रीय बजट में बिहार को कुछ नहीं मिला है। भाजपा ने रेल बेचा, तेल बेचा, बीएसएनएल बेचा, एलआईसी को भी बेच दिया। बिहार में जंगलराज के आरोपों पर तेजस्वी ने कहा कि यहां जनता का राज है। हम अमित शाह को बताना चाहते हैं कि बिहार के लोग बिकाऊ नहीं बल्कि टिकाऊ हैं।
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बिहार में महागठबंधन बनने के बाद दिल्ली में बैठे नेताओं को 440 वोल्ट का झटका लगा है। इसके बाद भाजपा नेताओं की ओर से लालू यादव और मुख्यमंत्री नीतीश के बारे में काफी अनाप-शनाप बोला गया। भाजपा ऐसी पार्टी है जिस में शामिल होते ही वाशिंग मशीन की तरह नेता साफ हो जाते हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए भारत भाजपा मुक्त बनाना जरूरी है। महारैली को संबोधित कर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने कहा कि वर्तमान केंद्र की सरकार जुमलों की सरकार है। दो करोड़ हर साल नौकरी देने का वादा था लेकिन मिला कुछ नहीं। महंगाई रोकने की बात कही थी, लेकिन महंगाई आकाश छू रही है। गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। लोग महंगाई से त्रस्त हैं। मांझी ने कहा कि भाजपा की सरकार संविधान से खिलवाड़ कर रही है। सभी चीजों को प्राइवेट सेक्टर में ले जा रहे हैं और आरक्षण समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केंद्र में रहेगी, तब भारत को बर्बाद कर देगी। हिंदुस्तान टुकड़े-टुकड़े में बंट जाएगा। हर हालत में 2024 और 2025 में बीजेपी को हटाने का काम करें।
बता दें कि राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सभी घटक दल पूर्णिया में एक मंच पर जुटकर भाजपा मुक्त भारत बनाने का आवाह्न कर रहे हैं। पिछले साल 10 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर है, जब सभी दल एक साथ साझा उद्देश्य से मंच पर जुटे हैं।