-
कर्नाटक में बन रही कांग्रेस की सरकार : राहुल गांधी
भाजपा को राज्य में 40 सीटें मिलेगी
बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार को चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधकर कहा कि ये भी तय है कि भाजपा को 40 अंक बहुत अच्छा लगता है, इसकारण कर्नाटक की जनता इन्हें 40 सीट देगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी को कम से कम 150 सीटें मिलेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 साल इन्होंने (भाजपा) चोरी की, 40 प्रतिशत कमीशन लिया। राहुल गांधी ने कहा कि 50 हजार नौकरियां जो आपके हैं, वहां रिक्त पड़े हैं। हम इन 50 हजार रोजगार को भरने वाले हैं। हम यहां विशेष शिक्षा क्षेत्र नीति आपको देंगे, जिससे आईआईटी और आईआईएम भी यहां आए। राहुल ने कहा कि जब 371-जे की बात हुई थी, तब अटल-आडवाणी जी ने कहा, यह नहीं किया जा सकता, फिर जैसे ही हमारी सरकार आई, हमने कर दिखाया। उन्होंने कहा कि आपको हजारों की संख्या में रोजगार मिला लेकिन सच ये है कि भाजपा सरकार 371-जे को इम्प्लीमेंट नहीं करती है। इसके पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर मछुआरा समुदाय को 10 लाख रुपये का बीमा, महिला मछुआरों को एक लाख रुपये का ब्याजमुक्त कर्ज और प्रतिदिन 500 लीटर तक के डीजल पर 25 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कर्नाटक के उडुपी जिले में मछुआरा समुदाय के लोगों के साथ संवाद के दौरान आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और महंगाई के कारण मछुआरों को परेशानी हो रही है तथा उनके लिए बैंक से कर्ज ले पाना मुश्किल हो गया है।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!