- दिल्ली में आलाकमान के साथ मप्र कांग्रेस के नेताओं ने बनाई चुनाव की रणनीति, राहुल गांधी का दावा

दिल्ली में आलाकमान के साथ मप्र कांग्रेस के नेताओं ने बनाई चुनाव की रणनीति, राहुल गांधी का दावा

 मप्र में 150 सीटें जीतेगी कांग्रेस
भोपाल। कर्नाटक में जीत के बाद कांग्रेस मप्र विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में सोमवार को दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में मप्र कांग्रेस की बड़ी बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मालिककार्जुन खडग़े, पूर्व सांसद राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल के साथ मप्र के नेताओं की चर्चा हुई। आलाकमान ने सबसे पहले प्रदेश के सभी नेताओं को एकजुटता का संदेश दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मप्र विधानसभा चुनाव में पार्टी 150 सीटें जीतेगी।

बैठक में विधानसभा चुनाव को मंथन के बाद नेताओं को निर्देश दिए गए। एकजुट होकर चुनाव लडऩे के आलाकमान के निर्देश के बाद कर्नाटक राज्य की तर्ज पर मप्र में भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लडऩे पर सहमति बनी है। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की तरह हम मप्र भी जीतने जा रहे हैं। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं, तो मप्र में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम रिपीट करने जा रहे हैं। वर्तमान में भाजपा के 127 विधायक, कांग्रेस के 96 विधायक, 4 निर्दलीय विधायक, दो बसपा के और एक समाजवदी पार्टी का विधायक है। 230 विधानसभा सीटों वाली इस विधानसभा में बहुमत के लिए 116 विधायक होना जरूरी है।

कमलनाथ बोले हमारी पूरी तैयारी
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मप्र का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई। कमलनाथ ने राहुल के दावे पर कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं। उनके पास इनपुट है। हमने शुरुआत कर दी है। हमारी नारी सम्मान योजना है। किसानों के लिए योजना है। गैस सिलेंडर की बात है। कुछ अभी कर रहे हैं, कुछ आने वाले समय में करेंगे। सब गोलियां हम साथ थोड़े ही न चलाएंगे। चुनावों में चार-साढ़े चार महीने बचे हैं। चुनावों के लिए कैसी रणनीति बनाई जाए? मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए? इस पर चर्चा हुई। यह प्रश्न केवल कांग्रेस का नहीं है बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के भविष्य का सवाल है। कैसा मध्य प्रदेश हम चाहते हैं? क्या-क्या मुद्दे हमारे होंगे? किस आधार पर हम चुनाव लड़ेंगे? इन पर भी चर्चा हुई। हम सब एकता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। चुनावी रणनीति की चर्चा में मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह, अरुण यादव, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस बैठक में मप्र के 16 नेताओं को बुलाया गया था।

वचनपत्र का किया गया प्रजेंटेशन
बैठक में मप्र विधानसभा चुनाव के वचन पत्र को भी आलाकमान के सामने रखा गया। इसमें मुख्य रूप से नारी सम्मान योजना, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली, ओबीसी आरक्षण जैसे बड़े मुद्दे शामिल किए गए हैं। वचन पत्र में कांग्रेस ने कई आकर्षक वादे भी शामिल किए हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान ने मप्र कांग्रेस कमेटी से मप्र के अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय बड़े मुद्दों की जानकारी मांगी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों से ज्यादा लोकल इश्यू को प्राथमिकता से उठाया। मंत्रियों के भ्रष्टाचार, विधायकों द्वारा की गई बड़ी गड़बडियों की जानकारी भी केंद्रीय कार्यालय को दी जाने की खबर है।

अन्य राज्यों के नेताओं की मदद ले रही कांग्रेस
मप्र की सत्ता में वापसी के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही कांग्रेस अब रणनीति बनाने के लिए प्रदेश के साथ अन्य राज्यों के नेताओं की मदद भी ले रही है। पार्टी ने तय किया है कि हर विधानसभा और जिले की जरूरत, जनता की मांग और मुद्दों के अनुसार वचन पत्र तैयार किया जाएगा। साथ ही भाजपा के स्थानीय नेताओं को घेरने के लिए किलाबंदी की जाएगी। जहां जिस नेता की डिमांड होगी उसे भेजा जाएगा।

12 जून को प्रियंका गांधी का जबलपुर दौरा
कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के मप्र दौरों और जनसभाओं, रैलियों को लेकर भी प्लान पर चर्चा की गई। 12 जून को प्रियंका गांधी का जबलपुर में दौरा प्रस्तावित है। सूत्रों की मानें तो क्षेत्रवार समीकरणों के हिसाब से नेताओं के दौरे, रैलियां और जनसभाएं होंगी।

शिवराज का पलटवार- हम 200 पार जाएंगे
राहुल गांधी और कमलनाथ के दावे पर भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा, मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। प्रदेश में भाजपा 200 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्हें ख्याली पुलाव पकाने हैं तो पकाते रहे। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने में किसी का कुछ जाता नहीं है। राहुल गांधी कांग्रेस की चिंता करें। विधानसभा चुनाव में हम 200 पार के नारे को साकार करेंगे। बंटाधार सरकार और कमलनाथ सरकार ने गरीबों के हक को छीना था। 2023 के चुनाव में भाजपा इतिहास बनाएगी।


Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag