-
लोकतंत्र में जनता की सेवा करना सरकार का ध्येय-सीएम
जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर की खण्डेला तहसील के होद गांव में महंगाई राहत कैंप के अवलोकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता द्वारा चुनी हुई सरकार का ध्येय जनता की सेवा करना होता है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान को विकास के हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाएं। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु सबके सहयोग की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गहन अध्ययन के बाद ही जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की है। पुरानी पेंशन योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जैसी राज्य सरकार की योजनाएं चुनावी नहीं हैं। प्रत्येक योजना स्थायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य सरकार की योजनाओं से सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान अग्रणी राज्य बन गया है। हमारी सरकार के कार्यकाल में अब तक 303 कॉलेज खोले जा चुके हैं।
सीकर, अलवर व भरतपुर में विश्वविद्यालय खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 500 छात्राओं वाले विद्यालयों को महाविद्यालय में क्रमोन्नत करने का फैसला किया है। गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अन्तर्गत अब 30 हजार विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है तथा राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा 500 मेधावी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए विदेश भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 2000 इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जा चुके हैं। यह विद्यालय शिक्षा क्षेत्र में क्रांति साबित होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए 2000 यूनिट तथा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 100 यूनिट बिजली मुफ्त कर उन्हें राहत प्रदान की गई है।
गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह ने खाद्य, शिक्षा, सूचना और रोजगार की गारंटी कानून बनाने के क्रांतिकारी फैसले लिए। उसी तरह राजस्थान सरकार द्वारा भी निरोगी राजस्थान के लिए स्वास्थ्य का अधिकार (आरटीएच) लागू किया गया तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि बढ़ाकर आमजन को आर्थिक व सामाजिक संबल प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को भी देश में समान रूप से सामाजिक सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए। गहलोत ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की देशभर में एक अलग पहचान है। स्व. जमनालाल बजाज ने गांधीजी के साथ आजादी के आंदोलन में भाग लिया।
यहां के उद्योगपतियों का देश की अर्थव्यवस्था में विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि देश सेवा में भी शेखावाटी के लोग पीछे नहीं है। यहां घर-घर से नौजवान सेना में शामिल होकर देश की रक्षा कर रहे हैं। शेखावाटी क्षेत्र से सबसे ज्यादा संख्या में युवा सेनाओं में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खण्डेला, दातारामगढ़, नीमकाथाना क्षेत्रों की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए 8 हजार करोड़ रूपए स्वीकृत कर बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्राथमिक स्वास्थ केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!