- सीमा मोदी सरकार से भारत की नागरिकता देने की लगा रही है गुहार
नई दिल्ली । पाकिस्तान के कराची से ग्रेटर नोएडा पहुंची सीमा हैदर पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पबजी गेम के दौरान एक दूसरे के करीब आए ग्रेटर नोएडा के सचिन और पाकिस्तानी महिला सीमा का प्रेम-प्रसंग इस समय सुर्खियों में है। एक तरफ सीमा दावा कर रही है कि उसने काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में सचिन के साथ शादी कर ली है। उसने हिंदू धर्म भी अपना लिया है। चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से आई सीमा दावा कर रही है कि उसने अपने बच्चों तक के नाम बदल दिए हैं।
उन्हें हिंदू नाम दे दिया है। वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से भारत की नागरिकता देने की गुहार लगा रही है। साथ में सीएम योगी आदित्यनाथ से गुजारिश कर रही है कि उसे सचिन के साथ ही रहने दिया जाए। सीमा का कहना है कि अब तो यहीं जीना है और यहीं मरना है। वहीं दूसरी तरफ, उसके पति गुलाम हैदर ने सऊदी अरब से वीडियो जारी कर मोदी सरकार से गुहार लगाई है। उसने सीमा को पाकिस्तान भेजने की मांग की है। अपनी मांग के समर्थन में उसने पाकिस्तान के लोगों का सहयोग भी मांगा है।
नोएडा कोर्ट से सीमा सचिन और उसके पिता को जमानत मिल चुकी है। पाकिस्तानी नागरिक को पनाह देने के मामले में शक के आधार पर सचिन और उसके पिता की भी गिरफ्तारी हुई थी। जमानत मिलने के बाद पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर अपने साथी सचिन के साथ अपने रबूपुरा स्थित घर लौट आई। जेल से बाहर आने के बाद जोड़े ने कहा कि वे खुश हैं और सभी कागजी काम पूरा करने और जल्द ही विधिवत तरीके से शादी के बंधन में बंधने की योजना बना रहे हैं।
सीमा ने कहा कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और उपनाम हैदर छोड़ दिया है। उसने कहा कि सीमा हिंदुओं और मुसलमानों में एक कॉमन नाम है। इसलिए सचिन ने कहा कि मुझे अपना पहला नाम बदलने की जरूरत नहीं है। मैं खुद को सीमा या सीमा सचिन कहूंगी। हमने अपने बच्चों के नाम बदलकर राज, प्रियंका, परी और मुन्नी रख दिए हैं। पाकिस्तान में सिंध प्रांत के खैरपुर जिले की निवासी सीमा पहले नेपाल आई थी। इसके बाद 13 मई को उसने बिना वैध कागजात के भारत में प्रवेश किया। सचिन से मिलने और उसके साथ जीवन बिताने के लिए उसने पाकिस्तान में अपने जमीन का एक टुकड़ा भी 12 लाख रुपए में बेच दिया। 13 मई को वह यमुना एक्सप्रेसवे पर बस से उतरी। उसका दावा है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट होती थी। इसी के साथ उसने उस अपमानजनक शादी की बेड़ियों को भी तोड़ दिया। सीमा और सचिन अब एक साथ रह रहे हैं।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!