उन्नाव । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में नाबालिग प्रेमिका के साथ 11 दिनों से फरार चल रहे प्रेमी युगल को पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। प्रेमिका से शादी करने के लिए प्रेमी ने खुद के अपहरण और हत्या की स्क्रिप्ट तैयार की थी। दरअसल 28 जून की रात प्रेमी ने अपनी दुकान के बाहर सिरिंज से खुद का ब्लड निकालकर डाला था।
जिस पर लड़के के परिजनों ने युवती के परिजनों पर अपहरण का आरोप लगाकर 28 जून को उन्नाव-लालगंज राजमार्ग जाम कर पुलिस से तीखी झड़प की थी। पुलिस ने प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर पूरी स्क्रिप्ट का पर्दाफाश कर दिया है। प्रेमी पर अपहरण, साजिश जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जबकि प्रेमिका (नाबालिग) को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। गिरफ्त में आए सोहनलाल से पुलिस ने पूरे मामले को लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका उपरोक्त नाबालिग किशोरी से दोस्ती थी।
वह किशोरी से विवाह करना चाहता था लेकिन किशोरी के परिजन इस बात से सहमत नहीं थे। इसी कारण सोहनलाल द्वारा निडल लगी हुई सिरिंज से खुद का खून अपनी दुकान में गिराया गया तथा अपनी शर्ट में भी खून लगाकर वहीं रख कर खुद के अपहरण एवं हत्या की साजिश रचते हुए किशोरी को अपने साथ भगा ले गया था। फिलहाल पूरे मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी शशि शेखर सिंह ने बताया की सर्विलांस और फील्ड यूनिट की मदद से घटना का खुलासा किया गया है। लड़के के परिजनों की तरफ से दर्ज किए गए मुकदमे को विधिक कार्रवाई करके समाप्त किया जाएगा। एडिशनल एसपी ने बताया की युवक पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।