-
श्रावण मास का पहला सोमवार आज, बन रहा है अद्भुत संयोग
भोपाल । भगवान शिव की भक्ति को समर्पित श्रावण मास का शुभारंभ हो चुका है। साथ ही 10 जुलाई श्रावण मास के प्रथम सोमवार व्रत का पालन किया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस विशेष दिन पर भगवान शिव की उपासना करने से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती है और जीवन में आ रही सभी परेशानियां समाप्त हो जाती हैं। बता दें कि सावन के प्रथम सोमवार के दिन दो अत्यंत शुभ संयोग का निर्माण हो रहा है। जिसमें पूजा पाठ करने से साधक को विशेष लाभ मिल सकता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन बेहद खास संयोग बन रहे हैं। सावन के पहले सोमवार के दिन गुरु और चंद्रमा मीन राशि में एक साथ विराजमान होंगे, जिसके कारण गजकेसरी योग का निर्माण हो रहा है। इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा। आइए जानें कौन-सी राशि के जातकों के लिए सावन का पहला सोमवार शुभ होगा।
सावन प्रथम सोमवार 2023 शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, सावन का प्रथम सोमवार व्रत श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन रखा जाएगा। इस विशेष दिन पर रेवती नक्षत्र का निर्माण हो रहा है जो रविवार को रात्रि 7:29 से शुरू हो गया है और इसका समापन 10 जुलाई को 18:59 पर हो जाएगा। इसके साथ इस दिन सुकर्मा योग भी बन रहा है जो दोपहर 12:34 से शुरू होगा। इस दौरान पंचक का भी निर्माण हो रहा है। लेकिन भगवान शिव की उपासना में पंचक मान्य नहीं होगा।