नई दिल्ली। मारुति सुजुकी एमपीवी अर्टिगा का वेटिंग पीरियड सामने आया है। ग्राहकों को इस गाड़ी की डिलीवरी के लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। मारुति सुजुकी के सभी मॉडल्स के लिए 2 लाख से ज्यादा ऑर्डर पेडिंग चल रहे हैं, जिनमें करीब 67,000 बुकिंग मारुति सुजुकी अर्टिगा की हैं। इनमें भी करीब 49,000 बुकिंग इसके सीएनजी वर्जन के लिए है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कंपोनेंट की कमी के कारण इसका उत्पादन प्रभावित हुआ है।
मारुति के एक वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि अर्टिगा के लिए पहले पेडिंग ऑर्डर 1 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे, जो अब घटकर 67,000 रह गए हैं। जुलाई से अर्टिगा के उत्पादन में वृद्धि की है, लेकिन अभी भी लंबित ऑर्डरों अधिक होने के कारण इसमें सुधार की जरूरत है। नवंबर में सीएनजी मॉडल के लिए कंपोनेंट की उपलब्धता को लेकर समस्या रही है। गौरतलब है कि मारुति सुजुकी अर्टिगा के लिए औसतन वेटिंग पीरियड 4-6 महीने के बीच है। वहीं सीएनजी वेरिएंट के लिए 8 से 9 महीने तक पहुंच गया है और कुछ स्थानों पर एक साल तक भी है।