- वायनाड से प्रियंका गांधी को टिकट... कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए 3 उम्मीदवारों का किया ऐलान

वायनाड से प्रियंका गांधी को टिकट... कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए 3 उम्मीदवारों का किया ऐलान

कांग्रेस ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस ने मंगलवार को उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की है। प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस ने केरल की पलक्कड़ और चेलाक्कारा विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है।

कांग्रेस ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की है। कांग्रेस ने यह घोषणा चुनाव आयोग द्वारा वायनाड सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद की है। वायनाड के अलावा पार्टी ने केरल की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर यह जानकारी दी है।

कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रियंका गांधी और दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने पलक्कड़ से राहुल ममकूटथिल और चेलाक्कारा से राम्या हरिदास को मैदान में उतारा है। केरल में 13 नवंबर को मतदान होगा

चुनाव आयोग ने मंगलवार दोपहर महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद लोकसभा और विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की घोषणा करते हुए कहा कि केरल की तीन सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

दरअसल, जून में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दो सीटों केरल के वायनाड और यूपी के रायबरेली से चुनाव लड़ा था। उन्होंने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने का ऐलान किया और रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद बने रहने का फैसला किया। फिर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने घोषणा की कि राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी।

वहीं, राहुल गांधी ने वायनाड से दूसरी बार बंपर वोटों से जीत दर्ज की। 2019 में उन्होंने वायनाड से रिकॉर्ड 4.31 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। तो इस बार राहुल गांधी 3,64,422 वोटों से जीते। उन्होंने सीपीआई नेता एनी राजा को हराया। 2019 की तरह इस बार भी राहुल गांधी 2 सीटों रायबरेली और वायनाड से मैदान में थे। वायनाड सीट पर राहुल गांधी को कुल 6,47,445 वोट मिले।

ECI ने चुनाव की तारीखों का किया ऐलान

आपको बता दें कि भारतीय चुनाव आयोग ने मंगलवार दोपहर महाराष्ट्र, झारखंड विधानसभा चुनाव और 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों के साथ-साथ केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा, जबकि झारखंड में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। इसी तरह 13 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव और वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। हालांकि, पश्चिम बंगाल में बशीरहाट लोकसभा सीट के लिए चुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की गई है क्योंकि मामला अभी कोर्ट में लंबित है। इसी तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की तारीख की घोषणा भी नहीं की गई है।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag