डिंपल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के कुछ अन्य सांसदों के साथ संसद के पास एक मस्जिद गई थीं। रशीदी ने मस्जिद में उनके पहनावे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
उत्तर प्रदेश के फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। रशीदी को पागल बताते हुए अवधेश ने कहा कि डिंपल देश की महिलाओं के लिए आदर्श हैं।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने मौलाना साजिद रशीदी को 'पागल' कहा है। दरअसल, मौलाना ने डिंपल यादव पर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा- 'यह घटिया बयान है, कोई पागल ही ऐसा बयान दे सकता है।' बता दें कि रशीदी के इस बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
उधर, समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को कहा कि बेहतर होता अगर सत्ताधारी दल के लोग मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई घटना और एक महिला सैन्य अधिकारी पर भाजपा नेताओं की विवादित टिप्पणियों के खिलाफ भी इसी तरह खड़े होते।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अच्छी बात है कि टिप्पणी मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। साजिद रशीदी नाम के एक मौलाना ने एक टेलीविजन चैनल के कार्यक्रम में डिंपल यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके खिलाफ लखनऊ में मामला दर्ज किया गया है।
डिंपल यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में एनडीए के कई सांसदों ने संसद भवन के 'मकर द्वार' के पास विरोध प्रदर्शन किया।
सत्ताधारी दल के विरोध पर डिंपल ने क्या कहा?
सत्ताधारी दल के विरोध के बारे में पूछे जाने पर डिंपल ने कहा, 'बेहतर होता अगर वे मणिपुर की उस घटना के खिलाफ खड़े होते, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर आया था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कितने बड़े भाजपा नेताओं ने सैन्य अधिकारी (सोफिया कुरैशी) के खिलाफ बोला था।' अच्छा होता अगर ये (सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद) उनके साथ खड़े दिखाई देते।'
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से सांसद डिंपल ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने की घटना और सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कुछ भाजपा नेताओं की टिप्पणियों का हवाला दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अच्छी बात है कि रशीदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।