-
'सुनो, सुनो, सुनना पड़ेगा, तुम्हारी आंखें किस चश्मे से देख रही हैं', लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले अमित शाह
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि वह हमले के कुछ घंटे बाद ही श्रीनगर पहुँच गए थे।
संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चर्चा चल रही है। इसी बीच देश के गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर जानकारी दी। इस दौरान संसद में विपक्षी दल हंगामा कर रहा था। इस बीच अमित शाह ने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा कि आप पूछ रहे थे कि पहलगाम हमले के बाद सिर्फ़ राहुल गांधी ही घटनास्थल पर पहुँचे थे। इस पर मैं पूछना चाहता हूँ कि आपकी आँखें किस चश्मे से देख रही हैं। हमला 1 बजे हुआ था और मैं शाम 5 बजे श्रीनगर में उतरा था।
अमित शाह के बयान के बाद विपक्षी दलों का हंगामा और बढ़ गया। फिर उन्होंने कहा कि सुनो-सुनो, तुम्हें सुनना पड़ेगा। ये नहीं चलेगा। मैंने भी तुम्हारी बात सुनी है, इसलिए तुम्हें भी मेरी बात सुननी पड़ेगी। अमित शाह ने बताया कि हमले के एक दिन बाद 23 अप्रैल को सुरक्षा बलों के साथ बैठक हुई थी। हमने तय किया कि कोई भी पाकिस्तान भाग न सके।
अमित शाह ने साझा की अहम जानकारी
संसद में गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जानकारी दी कि हमने 1055 लोगों से 3000 घंटे से ज़्यादा पूछताछ की। इस दौरान मृतकों के परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों और संभावित सहयोगियों से विस्तार से बात की गई। पूछताछ के विवरण के आधार पर आतंकियों के स्केच तैयार किए गए और जानकारियों को मिलाकर उन लोगों तक पहुँचा गया जिन्होंने आतंकियों को पनाह दी थी। गृह मंत्री ने पहलगाम हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों से अपनी मुलाक़ात का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि मैंने अपने सामने एक महिला को खड़ा देखा, जो अपनी शादी के सिर्फ़ 6 दिन बाद ही विधवा हो गई थी, मैं उस मंज़र को कभी नहीं भूल सकता। अमित शाह ने साफ़ शब्दों में कहा कि मोदी जी ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए उन्हें भेजने वालों को मारा, और आज हमारे सुरक्षा बलों ने उन लोगों को भी मार गिराया जिन्होंने हत्याएँ की थीं।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!