सांसद पप्पू यादव ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि माफ़ करने और माफ़ी मांगने की ताकत होनी चाहिए। सच बोलने का साहस होना चाहिए। वह कभी बोलते नहीं।
मंगलवार (29 जुलाई, 2025) को संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विशेष चर्चा हुई। इस पर विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएँ भी आ रही हैं। इस बीच, बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने एएनआई से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री को सच सामने लाना चाहिए। गलती स्वीकार करनी चाहिए।
'सच बोलने का साहस होना चाहिए'
पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि माफ़ करने और माफ़ी मांगने की ताकत होनी चाहिए। सच बोलने का साहस होना चाहिए। वह कभी बोलते नहीं। संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विशेष चर्चा में उन्होंने कहा, "पुलवामा से लेकर उरी तक इतने हमले हुए... वह कभी नहीं बोले।"
'...तो हालात ठीक नहीं हैं': पप्पू यादव
सांसद ने आगे कहा, "आजाद भारत में पहली बार रूस ने हमारा साथ नहीं दिया, इज़राइल के अलावा किसी ने भी हमारा साथ नहीं दिया। हम पूरी दुनिया में अलग-थलग पड़ गए। अगर खुफिया जानकारी काम नहीं करती, तो दिल्ली से कौन फैसला करता है? किसके आदेश पर पहलगाम खोला गया? ...तो हालात ठीक नहीं हैं।"
बता दें कि पहलगाम की घटना के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया गया था। कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति पैदा हो गई थी। हाल ही में 'ऑपरेशन महादेव' भी चलाया गया था। इसमें तीन आतंकी सुलेमान उर्फ फैजल अफगानी और जिबरान मारे गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज (मंगलवार) संसद में यह जानकारी दी। संसद में अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने हमें फोन किया, तब हमने संघर्ष रोका।