दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार के 'दिल्ली को कचरे से आज़ादी' अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि यह केवल दिखावा है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार और दिल्ली नगर निगम, जो केवल कुछ दिनों के लिए 'दिल्ली को कचरे से आज़ादी' विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का ढोल पीट रहे हैं, उनकी मूलभूत ज़िम्मेदारी है कि वे प्रतिदिन सफ़ाई करके कचरे से मुक्ति पाएँ, जो साल के कुछ विशेष दिनों में नहीं, बल्कि पूरे 365 दिन शहर में चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली के कोने-कोने में कूड़े और कचरे के ढेर का होना सरकार की नाकामी है, भाजपा सरकार 6 महीने में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा दिल्ली के कोने-कोने में छोड़े गए कूड़े से मुक्ति क्यों नहीं दिला पाई? क्या भाजपा का 'दिल्ली को कचरे से आज़ादी' विशेष स्वच्छता अभियान केवल एक तस्वीर खिंचवाने का अवसर बनकर रह जाएगा?
'करोड़ों रुपयों की बर्बादी का कोई हिसाब नहीं'
देवेंद्र यादव ने कहा कि इसी तरह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी और भाजपा के हर छोटे-बड़े नेता ने हाथ में झाड़ू लेकर तस्वीरें खिंचवाईं, लेकिन पिछले 11 सालों के शासन में स्वच्छ भारत अभियान पूरी तरह से धराशायी होता दिखाई दिया और स्वच्छ भारत अभियान में बर्बाद हुए जनता के टैक्स के करोड़ों रुपयों का किसी के पास कोई हिसाब नहीं है।
'भाजपा-आप बराबर ज़िम्मेदार'
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली में सफ़ाई की बदहाली दिल्ली पर कलंक की तरह है। 15 सालों तक निगम में रहते हुए भाजपा ने तीनों लैंडफिल के कूड़े के पहाड़ कम करने की बजाय उनकी ऊँचाई बढ़ने दी, जिसके लिए भाजपा के साथ-साथ आम आदमी पार्टी भी बराबर ज़िम्मेदार है। जिन्होंने दिल्ली की जनता से झूठे वादे और दावे करके वोट बटोरने की राजनीति की है।
'विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का दिखावा करना पड़ रहा है'
देवेंद्र यादव ने कहा, "दो दिन दफ्तरों की सफाई, फिर यमुना में सफाई, फिर वार्डों में सफाई, सड़कों और अनधिकृत कॉलोनियों की सफाई, मुख्य बाज़ारों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, बस्तियों, सार्वजनिक शौचालयों में सफाई, इससे साफ़ ज़ाहिर होता है कि दिल्ली की भाजपा सरकार और दिल्ली नगर निगम 365 दिन सफाई व्यवस्था की अपनी बुनियादी ज़िम्मेदारी नहीं निभाते।"
उन्होंने कहा कि यही वजह है कि मुख्यमंत्री को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का दिखावा करना पड़ रहा है। रिहायशी इलाकों की गलियों में नालियों से कूड़ा-कचरा निकालना और सफाई व्यवस्था रोज़ाना नहीं की जाती, रविवार या छुट्टियों वाले दिन तो बिल्कुल भी सफाई नहीं होती, जबकि सातों दिन सफाई होनी चाहिए।
'भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है'
देवेंद्र यादव ने कहा कि शहर में सफाई की ज़िम्मेदारी प्रशासन की है और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि साल के 365 दिन सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे, जिसमें पिछली आम आदमी पार्टी और मौजूदा भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। मुख्यमंत्री और महापौर का यह कहना कि वे झुग्गी-झोपड़ियों में स्वच्छता अभियान चलाने का दिखावा कर रहे हैं, उनके ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है क्योंकि दिल्ली की भाजपा सरकार झुग्गियों में लगातार बुलडोज़र चला रही है, तो क्या भाजपा नेता गरीबों के टूटे घरों का मलबा साफ़ करेंगे?
'नालों से गाद हटाने का काम नहीं'
देवेंद्र यादव ने पिछले साल की तुलना में बारिश के बाद अस्पतालों में मलेरिया के मरीजों की संख्या में हुई वृद्धि पर चिंता व्यक्त की और कहा कि सरकार ने बड़े नालों और रिहायशी इलाकों में नालियों से गाद हटाने का काम बिल्कुल नहीं किया। एक रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी के अस्पतालों में मलेरिया के मरीजों की संख्या पिछले साल की तुलना में ज़्यादा निकली है। इतना ही नहीं, डेंगू के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं जो दिल्ली में स्वच्छता के प्रति भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को एक इवेंट के रूप में पेश करने वाली भाजपा सरकार दिल्ली में कूड़े के ढेर और पहाड़ों का निपटान करने में विफल रही है।