कंबोडिया के उप-प्रधानमंत्री सुन चांथोल ने थाईलैंड के साथ संघर्ष समाप्त होने के बाद कहा कि कंबोडिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की मांग करेगा।
कंबोडिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की घोषणा की है। कंबोडिया के उप-प्रधानमंत्री सुन चांथोल ने शुक्रवार (1 अगस्त, 2025) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। कंबोडिया का यह फैसला दक्षिण-पूर्व एशियाई देश थाईलैंड के साथ हालिया सीमा संघर्ष को रोकने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप के बाद आया है।
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, जब कंबोडिया के उप-प्रधानमंत्री सुन चांथोल से टेक्स्ट मैसेज के ज़रिए पूछा गया कि क्या कंबोडिया राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की योजना बना रहा है, तो उन्होंने हाँ में जवाब दिया।
कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में पत्रकारों से बात करते हुए, उप-प्रधानमंत्री चांथोल ने संघर्ष के बीच शांति स्थापित करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया और कहा कि वह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित होने के योग्य हैं। यह पुरस्कार किसी व्यक्ति या संस्था को देशों के बीच सहयोग और सद्भाव बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
पाकिस्तान और इज़राइल ने ट्रंप के लिए नोबेल पुरस्कार की सिफारिश की थी
वहीं, भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान ने भी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए नोबेल पुरस्कार की सिफारिश की थी। पाकिस्तान ने इसी साल जून में कहा था कि वह भारत के साथ संघर्ष को सुलझाने में राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार देने की सिफारिश करेगा। इसके अलावा, इस सूची में इज़राइल का नाम भी शामिल है। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पिछले महीने कहा था कि उन्होंने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है।
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच पिछले हफ़्ते युद्धविराम
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच एक दशक से भी ज़्यादा समय से तनाव बना हुआ था। हाल ही में यह तनाव एक खुले युद्ध में बदल गया। वहीं, गतिरोध को तोड़ने वाला ट्रंप का फ़ोन पिछले हफ़्ते आया, जिसके बाद सोमवार (28 जुलाई, 2025) को मलेशिया में युद्धविराम की घोषणा की गई।
दोनों दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "यह ट्रम्प की पहल थी जिसने इसे संभव बनाया। उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार दीजिए!"