कुलगाम के वन क्षेत्र में छिपे आतंकियों से सेना की मुठभेड़ चल रही है। ऑपरेशन अखल के दौरान सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सोमवार (4 अगस्त) को लगातार चौथे दिन सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सेना ने कुलगाम के वन क्षेत्र में आतंकियों को घेर रखा है। रविवार (3 अगस्त) तक उसने तीन आतंकियों को मार गिराया था। इस बीच, सोमवार को भारतीय सेना का एक जवान भी घायल हो गया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकियों ने कई बार घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन सेना ने उसे नाकाम कर दिया।
दरअसल, सेना को खुफिया सूत्रों से पता चला कि अखल के वन क्षेत्र में आतंकी छिपे हैं। सेना ने सूचना मिलते ही तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया और घेराबंदी कर दी। इस दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सेना ने जवाबी कार्रवाई की। रविवार तक तीन आतंकी मारे गए। अब सोमवार को खबर लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी रही। जानकारी के मुताबिक, ये सभी लश्कर-ए-तैयबा के हो सकते हैं।
सेना ने एक हफ़्ते में तीन ऑपरेशन किए
सेना ने पिछले एक हफ़्ते में अलग-अलग जगहों पर तीन ऑपरेशन किए हैं। इस दौरान 8 आतंकवादी मारे गए हैं। सेना ने इससे पहले ऑपरेशन महादेव चलाया था। इस दौरान तीन आतंकवादी मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन सेना ने इसे नाकाम कर दिया और आतंकवादियों को मार गिराया।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई बार घुसपैठ की कोशिशें हुईं
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए बदला लिया। सेना ने 100 से ज़्यादा आतंकवादियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन के बाद आतंकवादियों ने कई बार घुसपैठ की कोशिश की।
सेना ने 13 मई को ऑपरेशन केलर चलाया। भारतीय सेना ने शोपियां में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। वहीं, ऑपरेशन शिवशक्ति के दौरान दो आतंकवादी मारे गए। यह ऑपरेशन 30 जुलाई को पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास चलाया गया था।