मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शिबू सोरेन के निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। पढ़ें उन्होंने और क्या कहा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि शिबू सोरेन एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। झारखंड की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
नीतीश कुमार ने कहा कि उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
'उनके ऐतिहासिक कार्यों को याद रखा जाएगा'
राजद नेता तेजस्वी यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, एक सशक्त नेता, गरीबों, वंचितों, उपेक्षितों और मेहनतकशों की आवाज़, आदिवासी अधिकारों के प्रबल समर्थक और जननायक दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन पर मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। सामाजिक न्याय और आदिवासी कल्याण के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा।"
उधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शिबू सोरेन के निधन पर कहा कि उन्होंने न केवल एक राजनीतिक नेता के रूप में, बल्कि आदिवासी समाज के रक्षक और संघर्षकर्ता के रूप में भी अपनी छाप छोड़ी। उनका जीवन आदिवासी अस्मिता, राज्य निर्माण की आकांक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक था। उनके निधन से झारखंड और समस्त आदिवासी समाज ने एक महान नेता खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने ट्विटर पर लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक 'दिशोम गुरु' श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उनके संघर्षों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM सहित उनके सभी परिजनों और शुभचिंतकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!"
मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण: पप्पू यादव
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा, "झारखंड के निर्माता, आदिवासी गौरव दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का निधन हो गया है! यह झारखंड, देश और आदिवासी समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी पूरी संवेदनाएँ हेमंत जी, कल्पना जी और झारखंड के उनके करोड़ों अनुयायियों के साथ हैं। यह मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण है। मुझे उनसे हमेशा पिता तुल्य स्नेह मिला। मरंग बुरु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें!"