कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी के नेतृत्व में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 'भारत आम महोत्सव 2025' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आम उत्पादक किसानों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आम की खुशबू से महक उठी। गुरुवार (31 जुलाई) को तालकटोरा स्टेडियम एक बेहद यादगार नजारा देखने को मिला, जब फलों के राजा आम ने भारत की कृषि, संस्कृति और शासन व्यवस्था को एक मंच पर ला खड़ा किया। यह अवसर था कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित 'भारत आम महोत्सव 2025' का।
18 साल पहले शुरू हुई यह परंपरा अब एक वैश्विक आयोजन का रूप ले चुकी है। कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दीप प्रज्वलित करके किया। उनके साथ, कार्यक्रम में 18 केंद्रीय मंत्री और सभी राजनीतिक दलों के 200 से अधिक सांसद मौजूद थे, जिन्होंने एक स्वर में किसानों की मेहनत और भारतीय कृषि की गरिमा का सम्मान किया।
महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए आमों की 350 से ज़्यादा किस्में प्रदर्शित की गईं। दशहरी, चौंसा, केसर, सफेदा, नीलम, फजली, बंगनपल्ली जैसी पारंपरिक किस्मों के साथ-साथ 'मोदी आम' अपने अनोखे रंग, आकार और सुगंध के कारण दर्शकों और मेहमानों का आकर्षण बना रहा। किसान सम्मान समारोह इस आयोजन की एक खास उपलब्धि रही, जिसमें देश भर के आम उत्पादक किसानों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
कृषि और शासन के बीच सेतु जैसा आम महोत्सव - उपराज्यपाल
इस खास मौके पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, "यह महोत्सव कृषि और शासन के बीच सेतु जैसा है। यह मंच किसानों की भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत की नींव को मज़बूत कर रहा है।" आम की मिठास ने जहाँ सबका दिल जीत लिया, वहीं मिलेट्स डिनर ने पारंपरिक और पौष्टिक अनाजों को एक नए अंदाज़ में पेश किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महोत्सव को एक जीवंत अनुभव में बदल दिया।
भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने क्या कहा?
आम महोत्सव के सूत्रधार और कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने कहा, "मैं चाहता हूँ कि हमारे किसान, हमारे आम और हमारी संस्कृति का दुनिया में सम्मान हो। यह महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की मिट्टी की खुशबू को दुनिया तक पहुँचाने का एक प्रयास है।"
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन की सराहना की और एक पत्र के माध्यम से संदेश दिया कि यह प्रयास कृषि नवाचार को बढ़ावा देगा और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। महोत्सव में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, नितिन गडकरी, कुमार विश्वास, अरबाज खान, अंकित तिवारी, डॉ. कविता तिवारी सहित 200 से अधिक सांसदों और 18 केंद्रीय मंत्रियों ने भाग लिया।
आम महोत्सव में कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया
इस अवसर पर, राजनीति जगत के अलावा सिनेमा, साहित्य, शिक्षा, कला, विज्ञान, कानून, पत्रकारिता और अध्यात्म जैसे विविध क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक राष्ट्रीय समागम बना दिया। भारत आम महोत्सव 2025 ने साबित कर दिया कि जब परंपरा, प्रशासन और कड़ी मेहनत एक साथ आते हैं, तो यह सिर्फ़ एक आयोजन नहीं, बल्कि एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन जाता है।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की उपस्थिति इस बात का प्रतीक थी कि अब कृषि की चर्चा सिर्फ़ खेतों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सत्ता, संस्कृति और राष्ट्रीय संवाद का हिस्सा बन गई है।