राहुल गांधी ने आज अपने आवास पर बिहार के कुछ मतदाताओं से मुलाकात की। इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मरे हुए लोगों के साथ चाय पीने का मौका कभी नहीं मिला। इस अनोखे अनुभव के लिए चुनाव आयोग का शुक्रिया।'
देश में SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। यह मामला दिन-ब-दिन गरमाता जा रहा है। इसी बीच, राहुल गांधी के सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कैप्शन लिखा, 'जिंदगी में कई दिलचस्प अनुभव हुए हैं, लेकिन मरे हुए लोगों के साथ चाय पीने का मौका कभी नहीं मिला। इस अनोखे अनुभव के लिए चुनाव आयोग का शुक्रिया।'
राहुल गांधी ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, इस पोस्ट में राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी कुछ लोगों के साथ नजर आ रहे हैं, जो किसी गरीब परिवार और ग्रामीण इलाके से लग रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैंने सुना है कि आप लोग जिंदा नहीं हैं, आपको कैसे पता चला? तो सामने वाले ने कहा, लोगों ने आपको ज़िंदा रहते हुए मृत घोषित कर दिया है। मुझे ये तब पता चला जब मैंने वोटर लिस्ट चेक की। इसके बाद राहुल गांधी कहते हैं कि चुनाव आयोग ने आपको मार डाला है। आपको क्या लगता है आपके जैसे कितने लोग हैं और आप कितने पोलिंग बूथ से हैं?
मतदाता राहुल गांधी से मिले
इसके जवाब में वो कहते हैं कि एक पंचायत में कम से कम 50 ऐसे लोग होंगे। अभी साहब, हम 3 से 4 पोलिंग बूथ से हैं। बहुत से लोग अभी तक यहाँ पहुँचे ही नहीं हैं। तेजस्वी जी की विधानसभा राघोपुर सीट से इन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। ये महिला आज सुप्रीम कोर्ट में 6 घंटे तक खड़ी रही। यही माँग है कि बिहार में जिन 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उनकी जानकारी दी जाए। हम कह रहे हैं कि वो 36 लाख लोग कौन हैं जो शिफ्ट हो गए हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग ये डेटा नहीं देना चाहता। क्योंकि अगर वो डेटा दे देगा, तो उनका ये सारा खेल खत्म हो जाएगा।