विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से कल सुबह 11 बजे तक चलेगी। इस 24 घंटे की कार्यवाही के दौरान विकसित उत्तर प्रदेश के विज़न डॉक्यूमेंट पर विशेष चर्चा होगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन बेहद खास है। सदन की कार्यवाही लगातार 24 घंटे चलेगी। सदन की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से शुरू होकर कल सुबह 11 बजे तक चलेगी। इस सत्र के दौरान विकसित उत्तर प्रदेश के विज़न डॉक्यूमेंट पर विशेष चर्चा होगी। इसी विशेष चर्चा के लिए यह 24 घंटे का सत्र आयोजित किया गया था।
विधानसभा में कितने मंत्री बोलेंगे?
जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से 28 मंत्री विधानसभा में और 18 विधान परिषद में बोलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अगस्त को इस चर्चा का जवाब देंगे। इस दौरान सदन में हर समय मंत्रियों की अनिवार्य उपस्थिति के लिए 28 मंत्रियों का रोस्टर तैयार किया गया है। यह रोस्टर आज शाम 6 बजे से गुरुवार सुबह 11 बजे तक लागू रहेगा। इसे कुल 6 पालियों में विभाजित किया गया है। एक पाली दो घंटे की और बाकी पाली तीन-तीन घंटे की होंगी।
यह सत्र क्यों खास है?
दरअसल, विकसित उत्तर प्रदेश के विज़न डॉक्यूमेंट के ज़रिए योगी सरकार राज्य के विकास के लिए अपना विज़न पेश करेगी। मानसून सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज़ादी के अमृत काल के तीसरे वर्ष में होने के कारण यह सत्र राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसमें सरकार अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना सदन के पटल पर रखेगी।
सीएम योगी ने कहा है कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसे नीति आयोग और विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस विजन पर 13 और 14 अगस्त को 24 घंटे सदन में चर्चा होगी।" आपको बता दें कि इस प्रस्ताव पर सर्वदलीय बैठक में सभी नेताओं के बीच सहमति बन गई है। सीएम योगी ने कहा है कि यह चर्चा न केवल विधानसभा और विधान परिषद में होगी, बल्कि इसमें आम जनता की राय भी शामिल की जाएगी।
मंत्रियों का रोस्टर
बुधवार को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक की शिफ्ट में लक्ष्मी नारायण चौधरी, राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, विजय लक्ष्मी गौतम रहेंगे
रात्रि 9 बजे से 12 बजे की पाली में योगेन्द्र उपाध्याय, कपिल देव अग्रवाल, सतीश चन्द्र शर्मा रहेंगे
रात 12 बजे से सुबह 3 बजे तक की शिफ्ट में अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, दयाशंकर मित्र दयालु, ब्रिजेश सिंह रहेंगे.
रात तीन बजे से सुबह छह बजे की पाली में अनिल राजभर, गिरीश चंद्र यादव, बलदेव सिंह औलख, दिनेश खटीक, संजीव गोंड, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी, केपी मलिक रहेंगे।
गुरुवार को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक की शिफ्ट में जयवीर सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, संदीप सिंह, रवींद्र जयसवाल, सोमेंद्र तोमर रहेंगे।
सुबह 9 बजे से 11 बजे की पाली में सूर्य प्रताप शाही, संजय सिंह निषाद, गुलाब देवी, रजनी तिवारी रहेंगे