सपा विधायक पूजा पाल यूपी विधानसभा में सीएम योगी की तारीफ करती नजर आईं। पूजा पाल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
अखिलेश यादव ने प्रयागराज के चायल से विधायक पूजा पाल को समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आपको बता दें कि यूपी विधानसभा में विज़न डॉक्यूमेंट 2047 पर चर्चा हो रही थी। इस चर्चा के दौरान कई अलग-अलग रंग देखने को मिले। सपा विधायक पूजा पाल सीएम योगी की तारीफ करती नजर आईं। पूजा पाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूजा पाल ने सीएम योगी की तारीफ में क्या कहा?
यूपी विधानसभा में 'विज़न डॉक्यूमेंट 2047' पर 24 घंटे चली मैराथन चर्चा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियों को लागू करके मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया, जिसकी वजह से अतीक अहमद जैसे अपराधी मारे गए। सभी जानते हैं कि मेरे पति की हत्या किसने की... मैं मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ कि उन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात तब सुनी जब किसी और ने नहीं सुनी।"
उन्होंने आगे कहा, "आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे की नज़र से देखता है... मुख्यमंत्री ने मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को नेस्तनाबूद करने का काम किया... जब मैंने देखा कि अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ कोई लड़ना नहीं चाहता, तो मैंने आवाज़ उठाई... जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया।"
शादी के 9 दिन बाद ही राजू पाल की हत्या
बता दें कि विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की अतीक अहमद के गुर्गों ने हत्या कर दी थी। राजू पाल की हत्या उनकी शादी के 9 दिन बाद ही कर दी गई थी। बताया जाता है कि इस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश थी। 2004 में राजू पाल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ को चुनाव में हराया था और इसी वजह से राजू पाल की हत्या कर दी गई थी।