स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने आज अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीर सावरकर की तस्वीर शेयर की। इस पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल भड़क गए।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर पोस्ट की, जिस पर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जो लोग इतिहास में बड़े नहीं बन पाए, उन्हें पोस्टर में जगह दी जा रही है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि देश मंत्रालय से सस्ता तेल मांग रहा है, सस्ती कॉमेडी नहीं। मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपने 'X' हैंडल पर महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और सावरकर की तस्वीर पोस्ट की और लिखा, "देश की आज़ादी का जश्न मनाते हुए, आइए हम याद रखें कि आज़ादी तभी फलती-फूलती है जब हम इसे एकता, करुणा और कर्म के माध्यम से हर दिन पोषित करते हैं।"
कांग्रेस नेता ने कसा तंज
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 'X' पर कहा, "हर स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने और देशद्रोहियों को नायक बनाने में लगी रहती है। वह अंग्रेजों से दया की भीख मांगने वाले सावरकर को गांधी जी से ऊपर रखती है और पंडित नेहरू और सरदार पटेल जी को पूरी तरह से नकारती है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति उनकी अवमानना को दर्शाता है।" दरअसल, पेट्रोलियम मंत्रालय ने X पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "देश की आजादी का जश्न मनाते हुए, आइए याद रखें, आजादी तभी फलती-फूलती है जब हम इसे हर दिन एकता, करुणा और कर्म से पोषित करते हैं।"
भारत स्वतंत्रता दिवस मना रहा है
इस मामले पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर टिप्पणी की है। बता दें कि आज पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले पर झंडा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कई योजनाओं का शुभारंभ भी किया। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नाम संबोधन जारी किया था।