पूजा पाल 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चायल सीट से विधायक बनीं। उनके पति, पूर्व विधायक राजू पाल की 2005 में हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोप माफिया अतीक अहमद और उसके गिरोह पर लगाया गया था।
समाजवादी पार्टी ने कौशाम्बी से चायल विधायक पूजा पाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई तब हुई जब उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सराहना की।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके पति राजू पाल की हत्या के मामले में न्याय दिलाने में मदद की। पार्टी ने इसे संगठन की विचारधारा और अनुशासन के खिलाफ बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अब इस मामले पर भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आया है।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने क्या कहा?
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह समाजवादी पार्टी का आंतरिक मामला है और यह पार्टी का अपना फैसला है। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई सदस्य मुख्यमंत्री या भाजपा सरकार की प्रशंसा करता है, तो स्वाभाविक रूप से पार्टी उसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पूजा पाल ने अपनी अंतरात्मा की आवाज़ पर काम किया और सपा ने अपने नियमों के अनुसार जवाब दिया।
बता दें कि पूजा पाल 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चायल सीट से विधायक बनी थीं। उनके पति पूर्व विधायक राजू पाल की 2005 में हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोप माफिया अतीक अहमद और उसके गिरोह पर लगा था। विधानसभा में योगी सरकार की तारीफ करते हुए पूजा पाल ने कहा था कि इस मामले में अपराधियों को सजा दिलाने में मौजूदा सरकार की अहम भूमिका रही है।
पूजा के निष्कासन पर सपा ने क्या कहा?
सपा का कहना है कि पार्टी अनुशासन और नीतिगत दिशानिर्देशों के विरुद्ध किसी भी तरह की सार्वजनिक टिप्पणी को गंभीरता से लेती है। इससे पहले भी पार्टी कई विधायकों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने या सरकार की प्रशंसा करने पर निष्कासित कर चुकी है। पूजा पाल का निष्कासन एक बार फिर यह संदेश देता है कि पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह की असहमति या मर्यादा से हटकर दिए गए बयान को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।