स्वामी रामदेव ने कहा कि भारत अमेरिका की राजनीतिक और आर्थिक गुंडागर्दी को खत्म करने के लिए दुनिया में एक नई विश्व व्यवस्था बनाने में जुटा है। उन्होंने पाकिस्तान पर भी निशाना साधा।
योग गुरु स्वामी रामदेव ने शुक्रवार (15 अगस्त, 2025) को दावा किया कि भारत जल्द ही रूस और चीन के साथ मिलकर अमेरिका की राजनीतिक और आर्थिक गुंडागर्दी को खत्म कर देगा। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत, रूस, चीन, यूरोप और मध्य एशिया के कुछ देशों के बीच एक नया गठबंधन बन रहा है।
इस गठबंधन को दुनिया के लिए एक बहुत अच्छा संदेश बताते हुए योग गुरु ने कहा कि भारत ने अमेरिका के सामने झुकने का नहीं, बल्कि उसके साथ खड़े होने का फैसला किया है। भारत की अर्थव्यवस्था को मृत कहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोलते हुए रामदेव ने कहा, "यह न केवल जीवित है, बल्कि तेजी से आगे भी बढ़ रही है।"
उन्होंने कहा, "300 साल पहले भारत की अर्थव्यवस्था 400 से 500 ट्रिलियन डॉलर (एक ट्रिलियन एक हज़ार अरब के बराबर होता है) की थी, जिसे पहले मुगलों ने और फिर अंग्रेजों ने लूटा, लेकिन भारत आज भी बुलंदियों पर खड़ा है। हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाना होगा और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना होगा।"
'रूस-चीन-भारत मिलकर अमेरिका की गुंडागर्दी खत्म करेंगे'
योग गुरु रामदेव ने कहा, "अमेरिका की राजनीतिक और आर्थिक गुंडागर्दी को खत्म करने के लिए भारत दुनिया में एक नई विश्व व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। अगर रूस, चीन, भारत, मध्य एशिया के कुछ देशों और कुछ यूरोपीय देशों के बीच एक नया गठबंधन बनता है, तो हम अमेरिका और ट्रंप को उनकी जगह दिखा देंगे और फिर ट्रंप और अमेरिका का दुनिया में कोई साम्राज्य नहीं रहेगा।"
स्वामी रामदेव का पाकिस्तान की परमाणु धमकी पर तंज
पाकिस्तान की परमाणु धमकी पर स्वामी रामदेव ने तंज कसते हुए कहा कि उसके पास जो परमाणु बम हैं, वे उसके अपने नहीं, बल्कि किसी दूसरे देश के हैं और उसके नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा, "इतना ही नहीं, जिस देश के पास परमाणु बम हैं, उसने भारत पर दबाव बनाने के लिए उन्हें छिपाकर रखा है, लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को घुटनों पर लाकर उसकी धमकियों को खत्म कर दिया।"