विवेक अग्निहोत्री ने अपनी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर कोलकाता में लॉन्च करने का फैसला किया था, जो 16 अगस्त को रिलीज़ होनी थी। लेकिन, कोलकाता पहुँचने पर उन्हें पता चला कि कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' की रिलीज़ से पहले ही एक जबरदस्त विवाद शुरू हो गया है, जिसके चलते फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री का कहना है कि पश्चिम बंगाल सरकार उनकी आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है, जिसका वह जवाब ज़रूर देंगे। विवेक अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर लॉन्च कोलकाता में होना था। लेकिन, ट्रेलर रिलीज़ को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसके बाद अग्निहोत्री को कार्यक्रम स्थल छोड़ना पड़ा। हालाँकि, उन्होंने हार नहीं मानी और सोशल मीडिया पर 'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर पोस्ट किया है।
द बंगाल फाइल्स के ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा
कोलकाता पुलिस ने शनिवार को 1946 के कलकत्ता दंगों पर आधारित विवादास्पद फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर की रिलीज़ पर रोक लगा दी है। इसके निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने दावा किया है कि फिल्म का ट्रेलर दोपहर में महानगर के एक पाँच सितारा होटल में रिलीज़ किया जाना था। हालाँकि, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इस मुद्दे पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। विवेक अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि यह लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है क्योंकि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को मंज़ूरी दे दी थी और कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इस पर प्रतिबंध पर स्थगन आदेश दिया था। विवेक अग्निहोत्री इस कार्यक्रम में अपनी पत्नी और अभिनेत्री पल्लवी जोशी के साथ मौजूद थे।
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म कब रिलीज़ होगी
'द बंगाल फाइल्स' 1940 के दशक में अविभाजित बंगाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर आधारित है। यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर की बात करें तो इसमें हिंदू-मुस्लिम दंगों को दिखाया गया है।
फिल्म के शानदार कलाकार
'द बंगाल फाइल्स' में अनुपम खेर महात्मा गांधी की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, इसमें मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार जैसे कलाकार भी नज़र आ रहे हैं। इसके अलावा टीवी शो 'अनुपमा' से मशहूर हुईं मदालसा शर्मा और 'गदर 2' फेम सिमरत कौर भी नज़र आएंगी। 'द बंगाल फाइल्स' का लेखन और निर्देशन विवेक रंजन अग्निहोत्री ने किया है।