विधायक पूजा पाल ने कहा कि राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव कई बार हुए, लेकिन उन्होंने पार्टी लाइन नहीं तोड़ी। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद से उनकी अखिलेश यादव से कोई मुलाकात नहीं हुई है।
कौशाम्बी की चायल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल इन दिनों राजनीतिक सुर्खियों में हैं। हाल ही में विज़न डॉक्यूमेंट पर चर्चा के दौरान योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ करने पर सपा नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूजा पाल ने कहा कि मुझे न्याय दिलाने वालों की तारीफ करने में क्या बुराई है?
पूजा पाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2012 में जब वह सपा में शामिल हुई थीं, तब वह अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी थी, लेकिन अब उन्हें लगता है कि अखिलेश यादव भी माफिया का साथ दे रहे हैं। अब यह फिर से नेताजी मुलायम सिंह यादव की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि मुझे अपने पति के हत्यारों का सफाया करने वाले की तारीफ करने पर पार्टी से निकाला जा रहा है।
भविष्य की राजनीति पर पूजा पाल ने कहा कि अभी तक इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है कि वह आगे कहां जाएंगी। उनका कहना है कि आने वाले समय में वह अपने समुदाय के बीच जाएँगी और समुदाय के लोग ही उनके भविष्य का रास्ता तय करेंगे।
विकास के लिए योगी आदित्यनाथ से मिलीं
उन्होंने राज्यसभा चुनाव में वोट देने के बारे में भी सफाई दी। पूजा पाल ने कहा कि उन्होंने अपने पति के हत्यारों को न्याय दिलाने वाले को वोट दिया। इससे पहले भी कई बार राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव हुए, लेकिन तब उन्होंने पार्टी लाइन नहीं तोड़ी। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद से उनकी अखिलेश यादव से कोई मुलाकात नहीं हुई है। हालाँकि, अपने क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने योगी आदित्यनाथ से ज़रूर मुलाक़ात की है। निष्कासन पत्र में अपने नाम के आगे 'सुश्री' जोड़ने पर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि उन्होंने ठीक से देखा नहीं, हो सकता है कि गलती से ऐसा हुआ हो।