कटनी जिले के विजयराघवगढ़ किले पर स्वतंत्रता दिवस पर उल्टा तिरंगा फहराए जाने के मामले में विधायक संजय पाठक ने डीएम को पत्र लिखा है। उन्होंने इस घटना को गंभीर साजिश बताया है।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ किले में स्वतंत्रता दिवस पर उल्टा तिरंगा फहराने का मामला सामने आया है। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधायक संजय पाठक द्वारा विजयराघवगढ़ किले पर उल्टा झंडा फहराया गया था और यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
हालांकि, विधायक का दावा है कि इसकी सूचना मिलने के बाद तुरंत तिरंगे को उतारकर दोबारा फहराया गया था। अब इस मामले में विधायक संजय पाठक ने कलेक्टर को पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संजय पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम को लिखे पत्र में इसे गंभीर साजिश बताया है। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच करने और उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक संजय पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे उल्टा तिरंगा फहराते नज़र आ रहे हैं।
साज़िश के तहत तिरंगा उल्टा बाँधने का आरोप
विधायक संजय पाठक ने कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा, "विजयराघवगढ़ में 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस पर किले पर आयोजित शासकीय कार्यक्रम के दौरान, स्थानीय प्रशासन द्वारा जिस कर्मचारी को राष्ट्रीय ध्वज बाँधने की ज़िम्मेदारी दी गई थी, उसने संभवतः साज़िश के तहत झंडे को ग़लत तरीके से उल्टा बाँध दिया, जो ध्वजारोहण के समय बेहद अपमानजनक स्थिति के रूप में सामने आया।"
यह घटना राष्ट्रीय ध्वज संहिता का उल्लंघन है - संजय पाठक
उन्होंने पत्र में आगे लिखा, "चूँकि ध्वज फहराने से पहले उसे गोलाकार आकार में बाँधा गया था और जैसे ही मैंने ध्वज फहराया और मेरी नज़र उल्टे ध्वज पर पड़ी, मैंने तुरंत ध्वज को ठीक किया और उसे पुनः फहराया। लेकिन यह घटना राष्ट्रीय ध्वज संहिता का उल्लंघन है, जिससे जनभावनाओं को ठेस पहुँची है। ऐसे में कृपया जाँच कराकर ज़िम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करें ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।" संजय पाठक विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक हैं। वे पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं।