महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तेजस्वी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ शुक्रवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एफआईआर दर्ज की गई है। गढ़चिरौली से भाजपा विधायक मिलिंद रामजी नरोटे ने उनके खिलाफ यह शिकायत दर्ज कराई है।
तेजस्वी यादव के खिलाफ मामला दर्ज
तेजस्वी यादव के खिलाफ दर्ज शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने 22 अगस्त को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट की हैं। यह मामला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र से विधायक मिलिंद रामजी नरोटे की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
गढ़चिरौली थाने में यह मामला धारा 196(1)(ए)(बी), 356(2)(3), 352, 353(2) के तहत दर्ज किया गया है। भाजपा विधायक ने थाने में शिकायत की कि तेजस्वी यादव ने शुक्रवार सुबह X हैंडल से एक पोस्ट किया। आरोप है कि इसमें प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस पोस्ट में प्रधानमंत्री की तस्वीर भी लगाई गई थी। मामले में सबूत के तौर पर पोस्ट की एक प्रति संलग्न की गई है।
वहीं, यूपी के शाहजहांपुर में भारतीय जनता पार्टी की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की शिकायत पर सदर बाजार थाने में तेजस्वी यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता शिल्पी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ तेजस्वी यादव की अभद्र टिप्पणी से पूरा देश गुस्से में है। शिल्पी गुप्ता ने पुलिस से तेजस्वी यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या था तेजस्वी यादव का पोस्ट?
दरअसल, तेजस्वी यादव ने पीएम के गयाजी दौरे से पहले 22 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम का कार्टून बनाते हुए एक पोस्ट शेयर किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गया रैली को "बयानबाजी की दुकान" बताया गया था। रैली से पहले X पर शेयर किए गए इस पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को एक दुकानदार के रूप में दिखाया गया था। दुकान के साइनबोर्ड पर लिखा था, "बयानबाजी की मशहूर दुकान"। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी से बिहार में एनडीए के 20 सालों के साथ-साथ अपने 11 सालों के शासन का भी हिसाब मांगा।