राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुदय यादव दो बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया है। अगर उन्हें तीसरी बार टिकट दिया गया, तो पार्टी चुनाव हार सकती है।
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मी तेज़ होती जा रही है। इसी कड़ी में, चुनाव से पहले राजद को अपने ही गढ़ जहानाबाद में बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी कार्यकर्ताओं और महागठबंधन समर्थकों ने स्थानीय विधायक सुदय यादव के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। रविवार को रतनी फ़रीदपुर प्रखंड के शकुराबाद स्थित एक निजी हॉल में महागठबंधन समर्थकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय नेता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान सुदय हटाओ, जहानाबाद बचाओ के नारे लगे। जो दर्शाता है कि विधायक के खिलाफ असंतोष अब उबल रहा है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने विधायक सुदय यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि वह अनुकंपा के आधार पर विधायक बने थे। दो बार विधायक रहने के बावजूद उन्होंने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया।
विकास निधि के दुरुपयोग का आरोप
राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि गया, जहानाबाद और अरवल को जोड़ने वाली 20 किलोमीटर लंबी मुरहरा सड़क आज भी जर्जर हालत में है। इसके बावजूद इस सड़क पर कोई काम नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक को मिली लगभग 32 करोड़ की विकास निधि का दुरुपयोग किया गया। प्रत्येक पंचायत को औसतन 70 से 75 लाख रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन आरोप है कि इस पूरी निधि को बेच दिया गया। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से सुदय यादव के कार्यकाल की सभी विकास योजनाओं की जाँच की माँग की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक के खिलाफ यह विरोध पार्टी या कार्यकर्ताओं का नहीं, बल्कि जनता का है।
ईमानदार नेता को टिकट देने की माँग
राजद समर्थकों ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से माँग की कि आगामी चुनाव में सुदय यादव का टिकट काटकर किसी अन्य योग्य और मज़बूत कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया जाए। उनका कहना है कि अगर पार्टी किसी भी जाति या वर्ग के ईमानदार नेता को टिकट देती है, तो जहानाबाद सीट पर भारी मतों से जीत निश्चित है। जहानाबाद लंबे समय से राजद का गढ़ रहा है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले इस तरह की आंतरिक बगावत पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। अगर नेतृत्व समय रहते स्थिति को नहीं संभालता है, तो इसका महागठबंधन की चुनावी संभावनाओं पर साफ असर पड़ सकता है।