साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि केएल राहुल को कप्तान बनाया गया है।
भारतीय क्रिकेट टीम अभी साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके बाद दोनों टीमें तीन मैचों की ODI सीरीज खेलेंगी। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। केएल राहुल को कप्तानी दी गई है। टीम में युवा और अनुभवी दोनों खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की लंबे समय बाद वापसी हुई है।
केएल राहुल पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं।
रेगुलर ODI कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें गर्दन में ऐंठन हुई थी, जिसके बाद वे रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। फिर इसी कारण से वे दूसरा टेस्ट भी नहीं खेल पाए थे। अब उनकी जगह केएल राहुल ने कप्तानी संभाली है। राहुल पहले भी ODI में टीम के लिए यह भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने 12 ODI मैचों में टीम की कप्तानी की है, जिसमें से आठ में जीत और चार में हार मिली है।
बुमराह को आराम
श्रेयस अय्यर को भी भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह अभी चोट से उबर रहे हैं। उनकी जगह तिलक वर्मा को प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे से आराम दिया गया है। अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बुमराह अभी T20 क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं। भारतीय A टीम के लिए अच्छा फॉर्म दिखाने वाले रुतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया है।
रांची में खेला जाएगा पहला ODI
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला ODI 30 दिसंबर को रांची में खेला जाएगा। दूसरा ODI 3 दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा। सीरीज का आखिरी और तीसरा ODI 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। भारत की ODI टीम:
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल