नई दिल्ली। देश में एक तरफ जहां गर्मी सितम ढा रही है, वहीं दूसरी तरफ बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले 3 दिनों में जारी हीटवेव से 127 लोगों की मौत हो चुकी है। यूपी में 73 और बिहार में 54 लोग शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 15, 16 और 17 जून को बुखार और सांस लेने में तकलीफ की वजह से 400 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें अधिकतर की उम्र 60 साल से ज्यादा है।
बिहार के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में भी बारिश हो रही है। असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा सिक्किम के तीन जिलों में बारिश हुई है। चुंगथांग में लैंडस्लाइड की वजह से नेशनल हाईवे बह गया, जिसके बाद यहां 3500 पर्यटक फंस गए। सेना ने इनका रेस्क्यू किया है।
वहीं राजस्थान में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। बांध-नहर टूट गई हैं, वहीं रेलवे ट्रैक बह गया है। अरब सागर से उठा चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के बाद राजस्थान में कहर बरपा रहा है। इसके असर से राज्य के कई इलाकों में पिछले 36 घंटों से बारिश जारी है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाड़मेर, सिरोही, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, पाली, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इन जिलों के कुछ इलाकों में अब तक 10 से लेकर 13 इंच (एक फुट) तक बरसात हो चुकी है। जालोर जिले के सांचौर में सुरावा बांध टूटने से कई इलाके डूब गए हैं। बांध टूटने से नर्मदा लिफ्ट कैनाल में पानी बढऩे से वह भी टूट गई है। अब सबसे ज्यादा खतरा सांचौर शहर पर मंडरा रहा है। शनिवार रात बांध टूटने की जानकारी मिलते ही पूरे शहर को खाली कराने की कोशिश की जा रही है। सांचौर शहर से बांध की दूरी 15 किलोमीटर है, वहीं कस्बे की आबादी 50 हजार है। जयपुर से इस शहर की दूरी 500 किमी है।
अभी सताएगी भीषण गर्मी मौसम विभाग के अनुसार यूपी, बिहार, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, झारखंड, विदर्भ, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गर्म हवाओं का प्रकोप बढ़ेगा। बिहार में तो हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक ओडिशा, विदर्भ के कुछ इलाकों में जबरदस्त गर्म हवाएं चलेंगी। साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड में गर्मी का प्रकोप अगले तीन दिन ज्यादा रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक गर्मी सताएगी। वहीं तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे तक जमकर गर्मी पड़ेगी।
बिहार में हीटवेव ने तोड़ा रिकॉर्ड गर्मी को देखते हुए बिहार के कई जिलों में 12वीं तक के स्कूलों को 24 जून तक बंद कर दिया गया है। बिहार में हीटवेव ने पिछले 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले 2012 में 19 दिनों तक लगातार हीटवेव का दौर रहा था। इस बार हीटवेव को चलते हुए 20 दिन हो गए हैं। इसी तरह झारखंड में भी 17 जून तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई हैं। गोवा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में भी भीषण गर्मी को देखते हुए गर्मी की छुट्टियों को बढ़ा दिया गया है।
इन जगहों पर भारी बारिश के आसार चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर के चलते राजस्थान के दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं उत्तर पूर्वी राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार और मंगलवार को बारिश के आसार हैं। उत्तरी गुजरात के कुछ इलाकों में भी आज भारी बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्वी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!