-लॉयन सफारी इटावा में सौ घंटे के भीतर घटित हुआ वाकया, जांच के आदेश
लखनऊ । यूपी के इटावा लॉयन सफारी में एक बब्बर शेरनी ने पहले तो 5 शावकों को जन्म देकर सभी को चौंका दिया, इसके कुछ घंटों बाद ही चार शावकों की मौत होने की खबर आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि पता चल सके कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि शावकों की मौत हो गई। गौरतलब है कि पिछले दिनों ही लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 4 बाघों की मौत में मामले से वन विभाग अभी उभरा भी नहीं है कि अब इटावा लायन सफारी में बब्बर शेर के 4 शावकों की मौत से हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार जुलाई माह शुरू होते ही इटावा लायन सफारी में पहली बार सोना नाम की बब्बर शेरनी ने 100 घंटे के भीतर 5 शावकों को जन्म देकर देश-प्रदेश के वन्य जीव विशेषज्ञों को हैरान कर दिया। लेकिन देखते ही देखते एक के बाद एक 4 शावकों की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। अब वन विभाग ने इटावा लॉयन सफारी में घटित इस घटना की केस स्टडी के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। ये कमेटी अब भविष्य में बब्बर शेरो के संरक्षण और प्रबंधन के लिए इटावा लॉयन सफारी में बब्बर शेरनी सोना के प्रसव से जुड़े सभी साक्ष्यों और अभिलेखों का अध्ययन करेगी और फिर बब्बर शेरो से जुड़े गुजरात के साथ भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के विशेषज्ञों के सहयोग से केस स्टडी तैयार कर यूपी के वन विभाग को सौपेंगी।

गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की पहली लॉयन सफारी इटावा में गुजरात के शक्करबाग प्राणी उद्यान से बब्बर शेर लाये गए थे। वर्तमान में यहां 17 बब्बर शेर है। वन विभाग के मुताबिक बीती 6 जुलाई को सोना नाम की बब्बर शेरनी ने सबसे पहले दोपहर 1 बजकर 51 मिनट पर पहले शावक को जन्म दिया। फिर 10 जुलाई को शाम 8 बजे तक करीब 100 घंटे के अंदर बब्बर शेरनी सोना ने 4 अन्य शावकों को जन्म दिया। लेकिन इन चारों शावकों की देखते ही देखते एक-एक कर 13 जुलाई की सुबह 11 बजकर 55 मिनट तक मौत हो गई। जिसकी सूचना मिलते ही इटावा लायन सफारी से लेकर राजधानी लखनऊ तक हड़कंप मच गया।
ये भी जानिए...................
वन विभाग के अधिकारियों मानें तो देश-प्रदेश में इस तरह का ये पहला मामला है जब किसी बब्बर शेरनी ने 100 घंटे के भीतर 5 शावकों को जन्म दिया। इस घटना से देश-प्रदेश के सभी वन्यजीव विशेषज्ञ आश्चर्यचकित है। जानकारों का कहना है कि आमतौर पर शेरनी 24 से 30 घंटे के अंदर ही अपने सभी शावकों को जन्म दे देती है। लेकिन 100 घंटे के अंदर बब्बर शेरनी सोना द्वारा 5 शावकों को दिए गए जन्म और उनमें से 4 की मौत ने सभी को हैरान कर दिया है। बब्बर शेर के 4 शावकों की हुई मौत को लेकर सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इटावा लायन सफारी के प्रबंधन को जिम्मेदार बताते हुए जमकर निशाना साधा है। ऐसे में अब बब्बर शेरों के बेहतर संरक्षण और प्रबंधन के लिए वन विभाग ने इस पूरे मामले की केस स्टडी के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है।