पीएम मोदी, शाह और सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। बुधवार को देशभर में कारगिल दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य मंत्रियों व नेताओं ने कारगिल में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘कारगिल विजय दिवस भारत के उन अद्भुत पराक्रमियों की शौर्यगाथा को सामने लाता है। जो देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणाशक्ति बने रहने वाले हैं। इस विशेष दिवस पर मैं उनका ह्रदय से नमन और वंदन करता हूं। जय हिंद! वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना के जवानों के बीच लद्दाख के द्रास में पहुंचकर कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। रक्षा मंत्री सिंह ने कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्यौछावार करने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। वहीं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर रक्षा मंत्री सिंह ने कहा, वह कैसा दृश्य रहा होगा, जब पहाड़ पर दुश्मन बंदूक ताने खड़ा है और नीचे से हमारे सैनिक ऊपर जाने का प्रयास कर रहे हैं। एक ऐसी स्थिति यहां कदम-कदम पर मौत से सामना हो रहा है। सिर्फ कल्पना मात्र से हमारे रोंगटे खड़े हो जाते हैं। केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा, युद्ध दो राष्ट्रों के बीच होता है। उनकी जनता के बीच होता है, किसी भी युद्ध में सेनाएं तो भाग लेती हैं। लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से युद्ध में किसान से लेकर डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक एवं कई सारे प्रोफेशन के लोग भी शामिल होते हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कारगिल शहीद स्मृति वाटिका पर पुष्पांजलि अर्पित की। कारगिल विजय दिवस पर चार मिग 29 विमानों ने द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक से उड़ान भरी। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने सम्मान स्वरूप उन्हें एक स्मृति चिन्और एक शॉल भी सौंपा। कारगिल विजय शहीद दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सिंह ने कहा, मैं उन वीर सपूतों को सलाम करता हूं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। मैं उन वीर सपूतों को सलाम करता हूं, जिन्होंने देश को सबसे पहले रखा और इसके लिए अपने जीवन का बलिदान देने में संकोच नहीं किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत स्वाभिमान से समझौता नहीं करता है। रक्षा मंत्री सिंह ने कारगिल युद्ध के बहादुरों की याद में लद्दाख के द्रास में बने ‘हट ऑफ रिमेंबरेंस’ संग्रहालय का दौरा किया।
ये भी जानिए..........
वहीं वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस पर द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। आर्मी एविएशन के तीन चीतल हेलीकॉप्टर द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक के पास से गुजरे और आसमान से फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कारगिल के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। शाह ने ट्वीट कर कहा, कारगिल विजय दिवस करोड़ों देशवासियों के सम्मान के विजय का दिन है। यह सभी पराक्रमी योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, जिन्होंने आसमान से भी ऊँचे हौसले और पर्वत जैसे फौलादी दृढ़ निश्चय से अपनी मातृभूमि के कण-कण की रक्षा की। भारत माता के वीर सिपाहियों ने अपने त्याग व बलिदान से इस वसुंधरा की न सिर्फ आन, बान और शान को सर्वोच्च रखा बल्कि अपनी विजित परंपराओं को भी जीवंत रखा। कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर तिरंगा पुनः गर्व से लहरा कर देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के आपके समर्पण को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन करता हूं। ’