-
गुरुद्वारा जलाने की धमकी देने वाले सिख उम्मीदवार की होगी कोर्ट में पेशी
न्यूयॉर्क । बेकर्सफील्ड नगर परिषद के पूर्व सिख उम्मीदवार की कोर्ट में पेशी होने वाली है। बता दें कि उन्होंने कथित तौर पर कैलिफोर्निया शहर में एक गुरुद्वारे को जलाने की धमकी दी थी। मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक सुनवाई के लिए इस महीने के अंत में वह अदालत में उपस्थित होंगे। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 60 वर्षीय राजवीर सिंह गिल को बेकर्सफील्ड गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी खालसा दरबार के सदस्यों को गोली मारने और संपत्ति को जलाने के लिए हमलावरों को नियुक्त करने की कोशिश करने के संदेह में मार्च में गिरफ्तार किया गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि गिल पर आपराधिक कृत्यों के लिए उकसाने के सात आरोप लगाए गए हैं। उनके 31 अगस्त को केर्न काउंटी कोर्ट में पेश होने की उम्मीद है। विगत 17 अगस्त को अदालत में संक्षिप्त उपस्थिति के बाद गिल को बताया गया कि वह 5 और 6 अक्टूबर को अपनी प्रारंभिक सुनवाई के लिए भी अदालत में होंगे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिल का गुरुद्वारे के विशिष्ट सदस्यों के साथ विवाद चल रहा था। उसने गुरुद्वारे को जलाने के लिए किसी को भुगतान करने की भी पेशकश की थी।
उन्होंने 2022 में मनप्रीत कौर के खिलाफ सिटी काउंसिल वार्ड सात में चुनाव लड़ने का प्रयास किया था। मनप्रीत बेकर्सफील्ड सिटी काउंसिल के लिए चुनी गईं पहली सिख पंजाबी महिला हैं। कौर ने तब घटना पर एक बयान जारी किया था कि यह खबर सुनना परेशान करने वाला और डराने वाला है। पूजा स्थल को नष्ट करने के कथित प्रयास के बारे में सुनना दिल दहला देने वाला और अकल्पनीय है। रिपोर्ट के अनुसार गिल ने प्रार्थना में बाधा डाली और मंडली के सदस्यों को धमकाया। गुरुद्वारे के सदस्य सुखविंदर सिंह रंगी ने बताया था कि गिल ने मंडली के कुछ नेताओं को मारने के लिए दो हिस्पैनिक लोगों को 10 हजार डॉलर की पेशकश की थी।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!