पटना । जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला और कहा कि भाजपा की देश के विकास में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि देश के विकास में भाजपा की कोई रुचि नहीं है। देश को चलाने और जुमलेबाजी करने में काफी अंतर है। देश चलाने के लिए नीति बनानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नौ सालों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सिर्फ जुमलेबाजी की है। केंद्र की सारी योजनाएं विफल हैं।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भाजपा की ओर से पटना के बापू सभागार में आयोजित झलकारी बाई जयंती समारोह पर चुटकी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में मंच पर भाजपा के जितने नेता मौजूद थे उतने ही दर्शकदीर्घा में श्रोता भी मौजूद थे। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के जदयू में टूट के बयान पर कहा कि कार्यक्रम की विफलता से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राय अनर्गल और विवादास्पद बयान दे रहे थे।
हकीकत में वह एक हवाहवाई नेता हैं। उनकी बातों पर गंभीरता से तवज्जों देने की कोई जरूरत नहीं है। 3 दिसबंर को विधानसभा चुनावों के परिणाम आने वाले हैं उसमें सब स्पष्ट हो जायेगा कि किसकी कितनी लोकप्रियता है। सिंह ने भाजपा को आरक्षण विरोधी बताया और कहा कि बिहार सरकार ने जातीय गणना के बाद जनसंख्या की भागीदारी के अनुरूप आरक्षण के दायरे को बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गरीब सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देने के बाद 50 फीसदी वाली सीमा शर्त टूट चुकी है। हमलोगों ने आंकड़ों के आधार पर आरक्षण दिया है। इससे सम्बंधित जो भी तथ्य हैं उसे राज्य सरकार न्यायालय में प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय में जाना भाजपा की पुरानी नीति रही है। जातीय गणना और नगर निकाय चुनाव के दौरान भी इनलोगों ने अड़ंगा लगाने का प्रयास किया था।