नई दिल्ली । बीते कई सेशन से चली आ रही अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी ने नई रफ्तार पकड़ ली है। बाजार खुलते ही अडानी ग्रुप के सभी ग्रुप शेयरों में 3.5-10 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी एनर्जी, अडानी टोटल गैस, अडानी गैस में 8-10 फीसदी तक की तेजी है जबकि अडानी पावर, अडानी एंटरप्राइजेज में 7.5 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिल रहा है। अडानी ग्रुप के शेयरों में इस तेजी के चलते ग्रुप का मार्केट कैप 12.36 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया।
1 फरवरी 2023 के बाद पहली बार 12 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा है। मार्केट खुलने के शुरुआती 20 मिनट में अडानी ग्रुप के शेयरों ने मार्केट कैप में 1.14 लाख करोड़ रुपए जोड़े। अडानी ग्रुप खुद को भारत में एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेयर के रूप में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने के लिए अगले 10 वर्षों में कैपिटल एक्सपेंडीचर पर 7 लाख करोड़ रुपए खर्च करेगा। अडानी ग्रुप की इस योजना से भी शेयरों को सपोर्ट मिला है।