भोपाल । मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा बताई गई चार जातियों, महिला, किसान, युवा और गरीब के उत्थान पर जोर दे रही है। सीएम यादव ने कहा कि उनके सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। डॉ. यादव यहां महिला सशक्तिकरण एवं युवा ऊर्जा पर केंद्रित मकर संक्रांति उत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत पात्र 1.29 करोड़ महिलाओं को एक हजार 576 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण एवं 56 लाख से अधिक हितग्राहियों को पेंशन एवं आर्थिक सहायता राशि का अंतरण किया गया। उन्होंने इस कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ की। समारोह में डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला, किसान, युवा और गरीब, इन चार जातियों के उत्थान पर बल दिया है। मध्यप्रदेश सरकार इन सभी के सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है।
सीएम यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति खुली किताब की तरह है। यह दुनिया और मनुष्यता को समझने का मौका देती है है। हमारे सभी व्रत, त्यौहार, पर्व और उत्सव, उत्साह और उमंग के साथ हमारे सभी गुणों को दुनिया के सामने एक अलग रूप में लाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संस्कृति के सभी पर्व मध्यप्रदेश में आनंद और उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा भारत एक ऐसा देश है, जहाँ नारियों को सदैव पूजा गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के जो काम हो रहे हैं, इसके लिए वे समस्त प्रदेशवासियों की ओर से उनका अभिनंदन करते हैं।