-
ममता ने भाजपा पर लगाया लोगों के खान-पान, पहनावे को प्रभावित करने का आरोप
कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर लोगों के खान-पान व पहनावे को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा पर भगवा पार्टी द्वारा शासित राज्यों में लोगों के भोजन और पहनावे की आदतों को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने शासन के राज्यों में लगातार ऐसा कर रही है। ममता ने उत्तरी दिनाजपुर जिले में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा अपने शासन वाले राज्यों में मांसाहारी भोजन के सेवन पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रही है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मांसाहारी भोजन बेचने वाली दुकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। ममता ने कहा कि हर किसी को पसंद की स्वतंत्रता का अधिकार है। भगवा खेमे पर लोगों के पहनावे की आदतों को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ममता ने महात्मा गांधी का जिक्र किया और कहा, गांधीजी ने विविधता में एकता की बात की थी। हाथ की सभी उंगलियां एक ही आकार की नहीं होतीं। क्या इसका मतलब यह है कि हम अपनी हथेली काट लें।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने की बात भी दोहराई। उन्होंने दावा किया कि केवल तृणमूल ही पश्चिम बंगाल में भाजपा और सीपीआई (एम)-कांग्रेस को हराने में सक्षम है। हालांकि, अपने पूरे भाषण में उन्होंने इंडिया गठबंधन या कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कोई जिक्र नहीं किया। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में स्कूल नौकरियों के लिए करोड़ों रुपये के नकद मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि अगर किसी ने जानबूझकर अनियमितताएं की हैं, तो कानून उनके खिलाफ अपना काम जरूर करेगा। हम उनका बचाव कभी नहीं करेंगे।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!