माहौल बनाने कांग्रेस जगह-जगह निकालेगी यात्राएं
भोपाल । अखिल भारतीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रदेश में मार्च में राजस्थान से प्रवेश करेगी। मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में प्रवेश करने वाली यात्रा की कार्य योजना बनाने और प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अलग-अलग समितियां गठित कर रहे हैं। यात्रा से पहले राज्य में माहौल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अलग-अलग स्थानों से यात्राएं निकाली जाएंगी। गांव-गांव में भ्रमण करते हुए यात्रा अलग-अलग स्थानों पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा में सम्मिलित होंगी। लोकसभा चुनाव की घोषणा मार्च के प्रथम पखवाड़े में संभावित है। इसके ठीक पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश पहुंचेगी। इसका लाभ पार्टी को लोकसभा चुनाव में मिले, इसके लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा तैयारी की जा रही है। यात्रा से पहले पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए ग्वालियर-चंबल, विंध्य, बुंदेलखंड, महाकोशल, मालवा और नर्मदापुरम आदि क्षेत्रों से यात्राएं निकालना प्रस्तावित है।

इसकी कार्य योजना तैयार की जा रही है।यात्रा के दौरान प्रदेश में पांच बड़ी न्याय सभाएं भी होंगी। प्रदेश इकाई द्वारा यह भी प्रयास किया जा रहा है कि यात्रा के दौरान प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों से किसान, युवा, महिला, मजदूर, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधियों को राहुल गांधी से मिलवाया जाए। इसकी तैयारियों के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा योजना, स्वागत, परिवहन, प्रचार-प्रसार सहित अन्य समितियां गठित की जा रही हैं।वहीं, चार फरवरी से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार लोकसभा चुनाव के साथ-साथ यात्रा की तैयारी को लेकर ग्वालियर, उज्जैन और भोपाल में अलग-अलग बैठकें करेंगे।
ये भी जानिए.................
इसमें यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला इकाइयों के साथ क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। यात्रा मध्य प्रदेश में मुरैना से प्रवेश करके ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन और रतलाम से होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रयास यह भी किया जा रहा है कि सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों से किसान, युवा, महिला, मजदूर, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधियों को राहुल गांधी से मिलवाया जाए।