केपटाउन । ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन ने कहा है कि लीग क्रिकेट की जगह पर इंग्लैंड टीम से खेलना उनकी पहली पसंद रहेगी। लिविंगस्टोन ने पिछले कुछ समय में टी20 क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। इसके बाद भी ये क्रिकेटर अपने देश की टीम की ओर से खेलने को पहली प्राथमिकता देता है। लिविंगस्टोन वर्तमान समय में विश्व के सबसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। लिविंगस्टोन ने इंग्लैंड की ओर से 25 एकदिवसीय और 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की ओर से खेला है।
वहीं अब दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग (एसए20) के दूसरे सत्र में वह एमआई केपटाउन की ओर से खेल रहे हैं। इस टीम में कैगिसो रबाडा और कप्तान कीरोन पोलार्ड जैसे स्टार बल्लेबाज भी शामिल हैं। वहीं लीग क्रिकेट और इंग्लैंड के प्रतिनिधित्व के बीच तालमेल बिठाने के बारे में पूछे जाने पर इस बल्लेबाज ने कहा कि हां, मुझे लगता है कि इंग्लैंड की ओर से खेलना पहले आता है। हम साल की शुरुआत में अपना कैलेंडर देखते हैं और यह तय करते है कि हमारे पास कब लीग खेलने का समय है। अगर हमें लगता है कि यह हमारे लिए फ्रैंचाइजी क्रिकेट खेलने का एक अच्छा अवसर है, तो हम ऐसा करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि अगर हमें लगता है कि हमें आराम की जरूरत है और यह हमारे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बाधा बन रहा है, तो हम शायद आराम करेंगे।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!