-
12 साल तक पत्नी को कमरे में रखा कैद, बॉक्स में करती थी टॉइलट, रोंगटे खड़े कर देगी कर्नाटक के इस पति की करतूत
मैसुरु । कर्नाटक के मैसुरु में रहने वाले सुमा की पति के साथ घूमने की ख्वाहिश थी लेकिन पति ने उसे एक अंधेरे कमरे में बंद कर दिया था। यह महिला 12 सालों तक अपने ही घर में कैद रही। न उसने सूरज की रोशनी देखी न ही खुली हवा में सांस ली। शादी करने के बाद उसे लगा था कि उसकी दुनिया बदल जाएगी। दुनिया बदली जरूर लेकिन खुशी में नहीं बल्कि दर्दनाक अनुभव में। उसे ऐसा पति मिला जो अजीब स्वभाववाला था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी कहीं उसे छोड़कर न चली जाए या उसे कुछ हो न जाए। इसलिए उसने अपनी पत्नी को 12 सालों तक एक ही कमरे में बंद करके रखा।
एक दशक से अधिक समय से अपने घर की दीवारों से बंधक रही महिला को बचाया गया है। वह अपने माता-पिता के घर चली गई है। महिला की काउंसलिंग भी की गई है। वह अपने पति के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करना चाहती है। उसने कहा कि वह अपने बच्चों के साथ अपने माता-पिता के घर पर रहेगी और पति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। 35 वर्षीय सुमा की शादी 12 साल पहले सन्नलैया से हुई थी। पेशे से दिहाडी मजदूर पति सन्नलैया का अजीब स्वभाव था।
शादी के बाद से वह सुमा को बाहर निकलने की इजाजत नहीं देता था। वह उसे घर के अंदर ही रखता था। जब काम पर जाता था। सुमा को एक कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा देता था। कमरे के एक कोने में रखे बॉक्स को सुमा ने टॉइलट बना रखा था। वह उसी का यूज करती थी। पति बच्चों का खाना और उसका खाना भी कमरे में ही रख जाता था। सुमा ने अपने ऊपर बीते 12 सालों की जो कहानी सुनाई वह रोंगटे खड़े कर देती है। सुमा ने बताया कि उसके बच्चे सुबह स्कूल चले जाते थे। दोपहर को स्कूल से आने के बाद वह घर के बाहर ही इंतजार करते थे। जब उसका पति काम से लौटता था तब वह ताला खोलता था और बच्चे अंदर आ पाते थे। सुमा ने बताया कि वह खिड़की से अपने बच्चों को खाना देती थी।
संथवाना केंद्र की काउंसलर जशीला ने बताया कि सुमा की दुर्दशा की जानकारी मिलने के बाद वह स्थानीय पुलिस और एक वकील के साथ बुधवार शाम को एचडी कोटे तालुक के मटाकेरे गांव गई और महिला को अपने घर के अंदर बंद पाया। बाद में सुमा को परामर्श के लिए केंद्र लाया गया। सुमा को उसके माता-पिता के घर भेज दिया गया है। काउंसलर ने कहा कि सुमा नहीं चाहती थी कि उसके पति के खिलाफ कोई मामला दर्ज किया जाए। एचडी कोटे पुलिस ने कहा कि सन्नलैया अपनी पत्नी की सुरक्षा को लेकर आशंकित था। उसकी सुमा से तीसरी शादी थी उसे लगता था कि उसकी पहले की 2 पत्नियों की तरह कहीं सुमा भी उसे छोड़कर न चली जाए। इसलिए वह उसे अंदर ताले में बंद कर देता था।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!