गुना-। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ गुना में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। दिग्विजय के करीबी और गढ़ा राजघराने के मुखिया सुमेर सिंह बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। सुमेर सिंह गढ़ा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य और गुना जिला पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उनका नाम बमौरी से कांग्रेस प्रत्याशी के दावेदारों में भी शामिल हुआ था। बताया जा रहा है कि राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस के रवैये से नाराज होकर सुमेर सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। इससे पहले कुछ दिन पहले सुमेर सिंह और उनके पुत्र ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के दिल्ली स्थित आवास पहुंचकर चर्चा की थी। इसके बाद से सुमेर सिंह के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। बुधवार को सुमेर सिंह भाजपा में शामिल हो गए। संभावना है कि कांग्रेस के कुछ और बड़े नेता जल्द ही भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं का भाजपा में शामिल होना पार्टी के एक बड़ा झटका हो सकता है।
किरार-धाकड़ समाज और आदिवासी सम्मेलन में शामिल हुए सिंधियाकार्यक्रमों के क्रम में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया विगत रात धाकड़, किरार समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। वहीं ऊमरी में आयोजित आदिवासी समाज के सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर धाकड़-किरार समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि धाकड़-किरार समाज राज्य की खुशहाली और प्रगति का अभिन्न भाग है। यह अतिश्योक्ति नहीं होगी कि अगर आप मुझे अपने समाज का ही एक नागरिक समझें। सिंधिया परिवार ने सदैव किसान को अन्नदाता के नाम से पुकारा है। जो भी कार्य ग्वालियर क्षेत्र में हुए हैं, सारे कार्य किसानों के प्रति थे। ग्वालियर में किसानों के लिए 1905 में पशु मेला शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरसी बांध आज के बांधों की तरह नहीं, आज जो बांध बनते हैं, कॉन्ट्रैक्टर का काम थर्ड ग्रेड होता है। कॉन्ट्रैक्टर पैसा लेता है।
दो वर्षों में टूट जाता है। लेकिन, सिंधिया परिवार द्वारा बनाया गया बांध आज भी चल रहा है। श्री सिंधिया ने कहा, हमारा संबंध दिल का संबंध है। हमारा संबंध दिमाग से नहीं चलता। जहां दिल लग जाए, वहां जान देने के लिए हाजिर हैं। धाकड़ समाज दिल का भी धाकड़ है। मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपके समाज के नेक, दिल के साफ, प्रदेश का नेतृत्व करने वाले शिवराज सिंह के साथ काम करने का मौका मिला। जो राज्य 2003 के पहले बीमारू कहलाता था, शिवराज सिंह ने कमान संभाली, आज वो एक समृद्धशाली प्रदेश 18 वर्षों में बन चुका है। सिंधिया परिवार धाकड़ समाज के साथ खड़ा है।
ये भी जानिए...................
पत्रकारवार्ता में बोले, कांग्रेस अब ट्विटर तक सिमटी
इधर स्थानीय सर्किट हाउस में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पत्रकारों से रूबरू हुए। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब एमपी कांग्रेस ट्वीट और ट्विटर तक ही सीमित होकर रह गई है। जमीन पर वो दिखता है, जो जनता के बीच रहकर काम करता है। विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस बड़े वादों और दावों को लेकर आई थी। लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है। वहीं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विधानसभा में पेश होने वाले बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनता के हित और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध बजट को पेश करेगी। विगत 18 वर्षों से भाजपा प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। इसे आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। वहीं सिंधिया ने अगले 100-150 दिनों में देश में फिर से मोदी सरकार के स्थापित होने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दस वर्षों में देश ने चहुंमुखी विकास किया है। जनता लगातार तीसरी बार भाजपा और मोदीजी को अपना आशीर्वाद प्रदान करने जा रही है।