डेस्कटॉप मोड, आकार बदलने योग्य विंडो और बाहरी डिस्प्ले के लिए बेहतर सपोर्ट जैसी नई सुविधाओं के साथ, एंड्रॉइड इस साल क्रोमओएस के और करीब आ रहा है।
दुनिया का अग्रणी सर्च इंजन गूगल अब अपने दो प्रमुख ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉइड और क्रोमओएस को मिलाकर एक संयुक्त प्लेटफॉर्म बनाने की योजना बना रहा है। इस बात का खुलासा खुद गूगल के एंड्रॉइड प्रमुख समीर सामत ने किया है। द वर्ज की खबर के अनुसार, एक इंटरव्यू में, एंड्रॉइड इकोसिस्टम (मोबाइल, वियरेबल्स, एक्सआर, टीवी और ऑटो) के प्रमुख समीर सामत ने कहा कि हम क्रोमओएस और एंड्रॉइड को एक ही प्लेटफॉर्म में मिलाने जा रहे हैं। इसमें उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह अब गूगल लैपटॉप यूजर्स के व्यवहार को भी ध्यान में रख रहे हैं।
Apple के iPad और iPadOS को मिलेगी कड़ी टक्कर!
खबरों के अनुसार, इस पर काफी समय से चर्चा हो रही थी, जो अब साकार होती दिख रही है। नवंबर 2024 में, एंड्रॉइड अथॉरिटी ने बताया था कि गूगल क्रोमओएस को एंड्रॉइड के प्लेटफॉर्म पर माइग्रेट करने की योजना बना रहा है। गूगल की इस पहल का मकसद भी एप्पल के आईपैड और आईपैडओएस को कड़ी टक्कर देना बताया गया था। Google ने पिछले साल घोषणा की थी कि ChromeOS अब Android के टेक्नोलॉजी स्टैक पर विकसित किया जाएगा, जिसके चलते दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम के बीच एकीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
ChromeOS की तरह, Android में भी कई सुविधाएँ हैं
ChromeOS की तरह, Android में भी डेस्कटॉप मोड, आकार बदलने योग्य विंडो सपोर्ट, एक्सटर्नल डिस्प्ले सपोर्ट में सुधार जैसे फ़ीचर हैं। ChromeOS पहले से ही Play Store के ज़रिए Android ऐप्स को सपोर्ट करता है। अब, इन दोनों के विलय से Google का ऐप और हार्डवेयर इकोसिस्टम और मज़बूत हो जाएगा।
Google का उद्देश्य क्या है?
इस विलय का मुख्य उद्देश्य टैबलेट और लैपटॉप में बेहतर अनुभव देना, Apple के iPadOS को सीधी चुनौती देना, फ़ीचर डेवलपमेंट में तेज़ी लाना और बार-बार अलग-अलग डिवाइस के लिए अलग-अलग OS विकसित न करना है। आपको बता दें, Google पिछले दस सालों से इस आइडिया पर काम कर रहा है। इससे पहले साल 2015 में पहली बार दोनों प्लेटफॉर्म के विलय की खबर आई थी। अब जब Google ने पहली बार इस विलय की खुले तौर पर पुष्टि की है, तो साफ़ है कि बदलाव जल्द ही देखने को मिल सकता है। लेकिन इसे पूरी तरह से लागू होने में कुछ और साल लग सकते हैं।