शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने तरनतारन सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। यह सीट आप विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी।
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। इस बीच, शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने प्रिंसिपल सुखविंदर कौर रंधावा को तरनतारन उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। तरनतारन विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी।
आप विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का पिछले महीने 27 जून को निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार थे और अमृतसर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 2022 के चुनाव में कश्मीर सिंह ने अकाली दल के हरमीत सिंह संधू को हराया था।
तरनतारन सीट पर उपचुनाव की तैयारियाँ तेज़
शिरोमणि अकाली दल ने पार्टी को मज़बूत करने के लिए गुलज़ार सिंह को इस उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी को उम्मीद है कि गुलज़ार सिंह के राजनीतिक अनुभव और ज़मीनी पकड़ का उसे फ़ायदा मिलेगा। अन्य दलों ने भी इस उपचुनाव के लिए अपनी तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। भाजपा ने इस सीट पर मज़बूत पकड़ बनाने के लिए अनुभवी नेताओं को ज़िम्मेदारी सौंपी है।
इस उपचुनाव के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पूर्व विधायक के.डी. भंडारी और पूर्व विधायक रविकरण सिंह कहलों को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी भी रणनीति बनाने में जुटी है।
आप ने लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव जीता था
हालांकि, तरनतारन सीट पर उपचुनाव की तारीख़ की घोषणा अभी नहीं की गई है। उम्मीद है कि चुनाव आयोग जल्द ही यहाँ उपचुनाव की घोषणा करेगा। हाल ही में पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव हुए थे और आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने इसमें जीत हासिल की थी। उपचुनाव के नतीजे 23 जून को घोषित हुए थे। संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के भारत भूषण को हराया था। वहीं, भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे थे।