बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन राजद विधायक सतीश दास पत्रकारों की मेज पर चढ़ गए। मार्शल ने उन्हें नीचे खींच लिया। इस बीच तीखी बहस भी हुई।
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। पहले तो विपक्षी विधायकों ने सदन के बाहर काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही के दौरान 'SIR' को लेकर हंगामा हुआ। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
नीतीश कुमार मुर्दाबाद के नारे लगे
भोजन के बाद जब कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। 'नीतीश कुमार मुर्दाबाद' के नारे लगे। भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही तेजस्वी यादव ने कहा, "कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया गया है, बिहार लोकतंत्र की जननी है और बिहार में ही लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। बिहार में 'SIR' की प्रक्रिया के मामले की जाँच होनी चाहिए।"
महागठबंधन के विधायक वेल में आ गए और 'सर' कहकर कुर्सी उठा ली। मार्शल उन्हें रोकते रहे। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और मार्शलों व महागठबंधन विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। महागठबंधन के विधायकों ने वेल में पत्रकारों की मेज के पास रखी कुर्सी उठा ली, मार्शलों ने कुर्सी छीन ली।
विपक्षी विधायकों ने पत्रकारों की मेज तोड़ने की कोशिश की। राजद विधायक सतीश दास पत्रकारों की मेज पर चढ़ गए। मार्शलों ने उन्हें नीचे खींच लिया। इस बीच तीखी बहस हुई। विपक्षी विधायकों ने सत्ता पक्ष की ओर कागज का एक टुकड़ा फेंका। कागज का टुकड़ा विजय सिन्हा को लगा।
सदन की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित
इसी दौरान, विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच सदन ने वस्तु एवं सेवा कर संशोधन विधेयक 2025 पारित कर दिया। महागठबंधन विधायकों और मार्शलों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की और भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही अगले दिन बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।