शुक्रवार को रतलाम में सीएम मोहन यादव एसपी अमित कुमार पर भड़क गए। एसपी को डांटते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं, तो क्या मैं स्थिति संभालूँ।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को रतलाम में एसपी को डांट लगाई। सीएम मोहन यादव ने यहाँ तक कह दिया कि एसपी साहब...अगर भीड़ नियंत्रित नहीं हो रही है तो छोड़ दीजिए...क्या मैं संभालूँ...आपके यहाँ रुकने का क्या मतलब है। सीएम का गुस्सा देखकर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी हक्के-बक्के रह गए और भीड़ को हटाने लगे।
रतलाम एसपी पर भड़के सीएम मोहन यादव
दरअसल, मोहन यादव शुक्रवार को रतलाम में बाढ़ और बारिश से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लेने किसानों के बीच पहुँचे थे। खेत में पहुँचकर किसानों से बात करते समय सैलाना में भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित न कर पाने के कारण सीएम का गुस्सा जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पर फूट पड़ा। उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा, "एसपी साहब, इसका क्या मतलब है, अगर आप नहीं कर सकते तो मैं खुद करूँ? अगर आप नहीं कर सकते तो छोड़ दीजिए, मुझे हटा दीजिए, जैसा आपने कहा है वैसा ही कीजिए।"
निरीक्षण के दौरान एक गरीब किसान ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत सख्ती दिखाई और रतलाम पुलिस अधीक्षक को धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ 420बी के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।
अधिकारी सुनें किसानों की समस्याएँ
दरअसल, किसानों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के सामने बड़ी संख्या में लोग पहुँच गए थे। जिससे बातचीत में दिक्कतें आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
रतलाम में बाढ़ से फसलें बर्बाद
बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई थी। रतलाम में नदियों का जलस्तर बढ़ने से खेत, मंदिर, रेलवे प्लेटफॉर्म और रिहायशी कॉलोनियाँ जलमग्न हो गईं। रतलाम के जनता कॉलोनी, पी एंड टी कॉलोनी और जवाहर नगर सहित आवासीय इलाके भी जलमग्न हो गए, जिससे घरेलू सामान नष्ट हो गया। पलसोड़ा गाँव पूरी तरह जलमग्न हो गया।